OBC Reservation News : हाल में सुप्रीम कोर्ट में ओबीसी आरक्षण के तहत क्रीमी लेयर के नियमों को लेकर नया पेंच फंस गया था। विवाद इसको लेकर था कि ओबीसी उम्मीदवारों के माता-पिता की सिर्फ सालाना आय (Salary) को आधार बनाया जाए या फिर उनके पद और सामाजिक स्थिति को भी ध्यान में रखा जाए। मामले में केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। DoPT ने 11 मार्च 2026 को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के दायरे और इसके सिविल सेवा परीक्षा पर पड़ने वाले असर को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी। इस विवाद के केंद्र में 100 ऐसे ओबीसी उम्मीदवार भी थे, जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन क्रीमी लेयर के दायरे में आने का हवाला देकर उनके आरक्षण के दावों को खारिज कर दिया गया था।
11 मार्च 2026 के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा था?
11 मार्च 2026 को यूनियन ऑफ इंडिया बनाम रोहित नाथन मामले में सुप्रीम कोर्ट के दो जजों की पीठ (जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आर महादेवन) ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया था। अदालत ने स्पष्ट किया था कि किसी भी ओबीसी उम्मीदवार की क्रीमी लेयर की स्थिति केवल उसके माता-पिता की सैलरी या आय के आधार पर तय नहीं की जा सकती। इसके लिए माता-पिता के पद, उनकी सेवा की श्रेणी और 8 सितंबर 1993 को जारी किए गए मूल सरकारी आदेश के नियमों की भी पूरी जांच हो।
CSE को लेकर क्यों उलझन थी?
केंद्र सरकार की याचिका का मुख्य फोकस सिविल सेवा परीक्षा-2025 (CSE-2025) था। खास बात यह है कि CSE-2025 का रिजल्ट सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च के फैसले से ठीक पांच दिन पहले घोषित हो चुका था। यदि इस नए फैसले को पिछली तारीख से और बिना किसी गाइडलाइन के सीधे उस चयन प्रक्रिया पर लागू किया जाता तो पूरी मेरिट लिस्ट, कैडर अलॉटमेंट और सेवाओं का बंटवारा उलट-पलट हो जाता। यही वजह थी कि सरकार ने शीर्ष अदालत से यह स्पष्ट करने को कहा था कि इस पूरी प्रक्रिया को कैसे संभाला जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्टीकरण याचिका पर क्या कहा?
न्यायमूर्ति पामिदिघंटम श्री नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने केंद्र सरकार की अर्जी पर सुनवाई करते हुए निम्नलिखित अहम निर्देश दिए। अदालत ने साफ किया कि यह निर्णय मुख्य रूप से अदालत के सामने मौजूद पक्षों पर लागू होता है। कोर्ट अपने पुराने रुख पर कायम है कि क्रीमी लेयर तय करते समय सिर्फ माता-पिता की ज्यादा आमदनी देखना काफी नहीं है, बल्कि पद और 1993 के नियमों को भी देखना अनिवार्य है। इस फैसले और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सरकार को दिए गए समय में आठ हफ्ते की बढ़ोतरी कर दी गई है।
लंबित मुकदमों और ओबीसी उम्मीदवारों को क्या राहत मिलेगी?
जो उम्मीदवार लंबे समय से अदालतों या सरकारी विभागों में अपने मामलों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, उनके लिए स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। ऐसे लंबित मामलों में उम्मीदवारों के दावों की नए सिरे से और अलग से समीक्षा की जाएगी। विभाग केवल यह कहकर पल्ला नहीं झाड़ सकते कि उम्मीदवार के माता-पिता की सैलरी तय सीमा से ज्यादा थी। अधिकारियों को 1993 के सरकारी आदेश के मानदंडों के मुताबिक माता-पिता के पद और सेवा श्रेणी की भी जांच करनी होगी। उम्मीदवार को अन्य सभी जरूरी पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
पहले से हो चुकी नियुक्तियों और प्रमोशन का क्या होगा?
सबसे बड़ा सवाल था कि जो लोग पहले से सरकारी नौकरियों में काम कर रहे हैं, उनके भविष्य पर इसका क्या असर पड़ेगा? यदि फैसले को पूरी तरह पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू किया जाता तो पुरानी नियुक्तियों, वरिष्ठता और प्रमोशन में भारी फेरबदल हो जाता। सुप्रीम कोर्ट ने इस आशंका को पूरी तरह दूर कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट सुरक्षा दी है कि पहले से पूरी हो चुकी नियुक्तियों, वरिष्ठता और पदोन्नति को अपने आप दोबारा नहीं खोला जाएगा। हालांकि हाल ही में यूपीएससी मेन्स रिजल्ट 2026 भी आ चुका है, लेकिन इस बार के सिविल सेवा अंतिम परिणामों के लिहाज से यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण है।
केंद्र सरकार को अगले 8 हफ्तों में क्या करना होगा?
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को अपने निर्देशों का पालन करने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया है। सरकार को क्रीमी लेयर की गणना करते समय अदालत द्वारा बताए गए कानूनी सिद्धांतों (यानी माता-पिता का पद और सर्विस कैटेगरी) का सख्ती से पालन करना होगा। नई व्यवस्था और दिशा-निर्देश लागू करते वक्त इस बात का पूरा ध्यान रखना होगा कि पहले से तय हो चुकी सरकारी नियुक्तियों और सेवा संबंधी अधिकारों में अनावश्यक उथल-पुथल न मचे।