आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 76वां जन्मदिवस पूरे देश में जोर शोर से मनाया जा रहा है। पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन की सिल्वर जुबली भी पूरी हो गई है। पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और नागरिकों ने देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया है। पीएम मोदी आज सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे। वहीं, बीजेपी ने जगह जगह रक्तदान शिविर लगाए हैं।
दिए जलाने के कार्यक्रम आयोजित
दिल्ली समेत भाजपा शासित राज्यों में इस मौके पर दिए जलाने के भी कार्यक्रम आयोजित किए हैं। गुजरात में 88 लाख दिए जलाए जाएंगे तो काशी से वड़नगर तक बाइक रैली भी निकाली जा रही है। 500 बाइकर्स की इस रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर बड़नगर के लिए विदा करेंगे। आयोजन में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी शामिल हो रहे हैं।
पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान प्रारंभ
बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान प्रारंभ किया है। वहीं, सामाजिक स्तर पर भी कई कार्यक्रम हो रहे हैं। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर में 76 बटुकों द्वारा जलाभिषेक किया जा रहा है। वहां, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है।
दिल्ली में चल रहे रक्त दान शिविर
देश के दूसरे हिस्सों में भी नाना प्रकार के कार्यक्रम हो रहे हैं। अलीपुर के खाटू श्याम मंदिर में 101 कुंडीय यज्ञ किया जा रहा है। वहीं, दिल्ली के त्याग राज स्टेडियम में चल रहे रक्त दान शिविर में भारी तादाद में लोग हिस्सा ले रहे हैं। गुजरात के अहमदाबाद और अन्य शहरों में भी 88 लाख दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। मुंबई में गणपति महोत्सव में विशेष आरती आयोजित की गई है। एमपी के उज्जैन में 58 लाख दीप जलाए जाएंगे।