मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को रद्द किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति से कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर निवासी फहीम नज़ीर का आरोप है कि विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। 

राहुल गांधी के समर्थकों पर मारपीट के आरोप 

फहीम नज़ीर ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में आयोजित INDIA ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे, लेकिन विपक्ष के समर्थन में नहीं, बल्कि उसके खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए। इस दौरान उन्होंने ने हाथ में पोस्टर लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे नारों का विरोध किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

पीएम मोदी के समर्थन करने पर हुई हाथापाई!

उनका आरोप है कि पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाने के कारण राहुल गांधी के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। उनकी शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मारपीट के आरोप की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है। एनडीटीवी से बातचीत में नज़ीर ने कहा कि वह विपक्ष द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों का विरोध करने और राहुल गांधी से सवाल पूछने के उद्देश्य से प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस ने वर्ष 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते थे, तब चुनावी धांधली के आरोप क्यों नहीं लगाए गए, जबकि 2014 के बाद पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपी की लगातार चुनावी जीत पर विपक्ष सवाल उठा रहा है।

अरविंद केजरीवाल का क्यों किया जिक्र?

नज़ीर ने इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल का भी जिक्र किया और कहा कि उनके दिल्ली में मुख्यमंत्री रहने के दौरान भी चुनावी धांधली के ऐसे आरोप सामने नहीं आए थे। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। 

बीजेपी ने क्या कहा?

इस घटना पर बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाले एक व्यक्ति को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेरकर पीटा। उन्होंने इसे लोकतंत्र और आम नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया। गौरतलब है कि विपक्षी दल 6 अक्टूबर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision—SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष ने इन आरोपों के बीच उनके इस्तीफे की मांग भी की है। 

क्यों प्रदर्शन कर रहे विपक्षी दल?

कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने एसआईआर अभियान में कथित धांधली को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। विपक्षी दलों की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रद्द किया जाए। इसके साथ ही ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराए जांए।