बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर आज अपनी शानदार एक्टिंग और फिल्मों को लेकर चर्चा में रहते हैं। इन दिनों वो फिल्म 'रामायण' में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बचपन में दिवाली के मौके पर रणबीर कपूर के साथ एक ऐसा किस्सा हुआ था, जिसे वो आज भी याद करते हैं। इस गलती की वजह से उन्हें अपने पिता और दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर से मार भी खानी पड़ी थी।
दिवाली पर रणबीर से हुई थी गलती
रणबीर कपूर ने ये मजेदार किस्सा कुछ साल पहले अपनी मां नीतू कपूर और बहन रिद्धिमा कपूर के साथ 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में सुनाया था। बातचीत के दौरान रणबीर कपूर ने बताया कि ये घटना उनके बचपन की है, जब उनकी उम्र महज 8-9 साल थी। दरअसल, कपूर परिवार दिवाली के मौके पर आरके स्टूडियो में पूजा के लिए इकट्ठा हुआ था। घर के सभी लोग त्योहार की तैयारियों और पूजा-पाठ में बिजी थे। इसी दौरान रणबीर अनजाने में चप्पल पहने हुए मंदिर वाली जगह पर पहुंच गए। उन्हें शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनसे इतनी बड़ी गलती हो गई है।
ऋषि कपूर ने की थी पिटाई
रणबीर की इस हरकत को देखकर उनके पिता ऋषि कपूर काफी नाराज हो गए। रणबीर ने बताया था कि उनके पिता धार्मिक विचारों के व्यक्ति थे और पूजा स्थल की मर्यादा को लेकर बेहद गंभीर रहते थे। ऐसे में बेटे को मंदिर के अंदर चप्पल पहने देखकर ऋषि कपूर ने उनके सिर पर जोर से चपत लगा दी। रणबीर के मुताबिक, बचपन में पिता से इतनी जोरदार मार उन्हें सिर्फ उसी एक मौके पर पड़ी थी। आज भले ही ये घटना उनके लिए एक पुरानी याद बन चुकी है, लेकिन उस समय ये उनके लिए काफी चौंकाने वाला अनुभव रहा होगा।
'रामायण' में श्रीराम बनकर चर्चा में हैं एक्टर
रणबीर कपूर के बचपन का ये किस्सा ऐसे समय में फिर चर्चा में है, जब उनकी फिल्म 'रामायण' रिलीज हुई हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वो भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में रणबीर का ये नया अवतार दर्शकों के बीच खास दिलचस्पी पैदा कर रहा है। ऐसे में दिवाली से जुड़ा उनका बचपन का ये किस्सा भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।