टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के गेम प्ले के साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ भी सुर्खियों में बनी हुई है। खासकर स्काउट ओपी, लव गिल और काशवी के बीच का मामला लगातार लोगों का ध्यान खींच रहा है। अब काशवी के एक लाइव स्ट्रीम ने सोशल मीडिया पर नई कंट्रोवर्सी शुरू कर दी है। उनकी कुछ बातों को सुनकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि क्या उन्होंने स्काउट ओपी के साथ अपने पांच साल पुराने रिश्ते को खत्म करने का मन बना लिया है? ऐसा लग रहा है जैसे काशवी ने ऑफिशियली ब्रेकअप अनाउंस कर दिया है।
लाइव स्ट्रीम में क्या बोलीं काशवी?
दरअसल, काशवी ने हाल ही में लाइव आकर स्काउट ओपी के फैंस से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वो 'बिग बॉस' को सिर्फ एक एंटरटेनमेंट शो के तौर पर देखें और कंटेस्टेंट्स की पर्सनल लाइफ को लेकर जरूरत से ज्यादा चर्चा न करें। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पांच साल के रिश्ते का भी जिक्र किया। काशवी ने कहा कि वो फिलहाल इस पूरी सिचुएशन को समझने और संभालने की कोशिश कर रही हैं। उनके मुताबिक, वो हर दिन थोड़ा-थोड़ा करके खुद को इस हालात के मुताबिक ढाल रही हैं। उन्होंने ये भी माना कि उनके लिए ये सब आसान नहीं है।
'मेरे लिए आखिरी एक्ट और आखिरी डांस है'
काशवी की लाइव स्ट्रीम का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा उनका आखिरी बयान रहा। उन्होंने कहा कि उनके लिए ये आखिरी एक्ट और आखिरी डांस जैसा है। हालांकि, उन्होंने ये भी साफ किया कि इस मामले पर बातचीत दो लोगों के बीच ही होनी चाहिए। उनकी इसी बात ने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया। कई सोशल मीडिया यूजर्स काशवी के इस बयान को स्काउट के साथ रिश्ते के अंत का संकेत मान रहे हैं। हालांकि, काशवी ने कहीं भी सीधे तौर पर ब्रेकअप कन्फर्म नहीं किया है। ऐसे में फिलहाल इसे सिर्फ कयास ही माना जा सकता है।
स्काउट और लव की नजदीकियां बनी वजह
'बिग बॉस' के घर में स्काउट ओपी और लव गिल की बढ़ती नजदीकियां पहले से ही कंट्रोवर्सी में हैं। वीकेंड का वार पर काशवी खुद शो में पहुंचीं और स्काउट के सामने अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। इतना ही नहीं दोस्तों और मां के कहने के बाद भी स्काउट बस लव के आगे-पीछे ही घूमते हुए नजर आते हैं। सब की बातें इग्नोर कर स्काउट का फोकस लव पर बना हुआ है। ऑडियो मैसेज जाने के बाद भी जब स्काउट से लव से दूरी बनाने से मना कर दिया तो शायद काशवी के पास ब्रेकअप के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।