मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को उन्होंने कवि रामधारी सिंह दिनकर की मशहूर कविता 'जनतंत्र का जन्म' की पंक्तियां साझा कीं। इनमें 'सिंहासन खाली करो कि जनता आती है' पंक्ति भी शामिल है। एक अन्य पोस्ट में थरूर ने राहुल गांधी के बयान 'यह सरकार जाएगी' को दोहराया।
थरूर के ये बयान ऐसे समय आए हैं, जब विपक्षी INDIA गठबंधन दिल्ली में मार्च निकालने की तैयारी कर रहा है। यह मार्च 10 अक्टूबर को हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों और महिलाओं के साथ कथित पुलिस हिंसा और BJP कार्यकर्ताओं के हमलों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग कर रहा है।
अब तक प्रदर्शन से दूर रहे थे थरूर
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पिछले एक सप्ताह से इस मुद्दे पर विरोध कर रही है। हालांकि, शशि थरूर अब तक आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में उनके ताजा बयान को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। थरूर कई मुद्दों पर केंद्र सरकार के रुख का समर्थन भी कर चुके हैं। इनमें मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव के दौरान सरकार के रुख का समर्थन करना भी शामिल है।
दिनकर की कविता के जरिए दिया संदेश
शशि थरूर ने सोमवार को सोशल मीडिया पर लिखा, 'आज की कविता', और इसके साथ रामधारी सिंह दिनकर की कविता 'जनतंत्र का जन्म' की पंक्तियां साझा कीं। यह कविता जनता की ताकत और लोकतंत्र में उसकी भूमिका को दर्शाती है। दिनकर की इन पंक्तियों का इस्तेमाल पहले भी राजनीतिक विरोध के दौरान किया जा चुका है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने भी तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ आंदोलन के दौरान इन पंक्तियों का जिक्र किया था।