Surat Textile Market Fire News : गुजरात के सूरत शहर स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट की एक दुकान के अकाउंटेंट ने बकाया वेतन 10 हजार रुपए नहीं मिलने पर मालिक के 24 करोड़ रुपए के माल में आग लगा दी। इसके बाद वह राजस्थान स्थित धार्मिक स्थल खाटू श्याम और फिर अयोध्या चला गया। हालांकि, सूरत लौटते ही उसकी गिरफ्तारी हो गई।
30 हजार रुपए की सैलरी पर काम कर रहा था विनोद
पुलिस के मुताबिक आरोपी 33 साल का विनोद पंडित सावले अप्रैल से मार्केट की दुकान नंबर 639 में 30 हजार रुपए के वेतन पर बतौर अकाउंटेंट काम कर रहा था। कुछ समय पहले उसका दुकान मालिक से विवाद हो गया, क्योंकि मालिक उसके बकाया 10 हजार रुपए नहीं दे रहा था। इस खुन्नस में विनोद ने दुकान को आग के हवाले करने का मन बनाया।
150 रुपए का पेट्रोल खरीदकर लाया था
आरोपी पेट्रोल पंप से 150 रुपए का पेट्रोल खरीदकर मार्केट लेकर गया। 8 सितंबर की रात 9 बजे वह छिपकर बाजार बंद होने का इंतजार करने लगा। देर रात सन्नाटा पसरते उसने दुकानों के बाहर रखे कपड़ों के बॉक्स और पार्सल पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। इसके बाद फरार हो गया। कपड़े की वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि इसे बुझाने में 38 घंटे लगा
CCTV फुटेज और भागने की कोशिश की
जांच में जुटी सारोली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इलाके के 1500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी चेहरे पर रुमाल बांधे, कंधे पर बैग टांगे पेट्रोल छिड़कता दिखा। घटना के अगले दिन वीडियो वायरल होने पर आरोपी मोबाइल बंद कर अपने परिवार के साथ खाटू श्याम मंदिर और उसके बाद अयोध्या चला गया। आरोपी सूरत लौटा तो पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। फिर क्राइम ब्रांच ने उसे दबोच लिया।