Yogi Adityanath On UP SIR : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की मतदाता सूची को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की वोटर लिस्ट से एक करोड़ से भी अधिक पात्र हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं। इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं और नेताओं को निर्देश दिया है कि वे तुरंत अभियान चलाकर छूटे हुए सभी योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग द्वारा विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा। SIR प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा, ताकि फर्जी या दोहरे नामों को हटाया जा सके तथा पात्र वोटरों को जोड़ा जा सके। सीएम योगी ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि SIR अभियान के तहत मतदाता सूची के ड्राफ्ट का बारीकी से निरीक्षण करें। छूटे वैध वोटरों के फॉर्म भरवाकर सूची में उनका नाम शामिल कराएं।

BJP कार्यसमिति की बैठक में आंकड़े रखकर जताई चिंता

BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची में विषमताओं से जुड़े कई अहम आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि राज्य में 66 लाख नागरिक ऐसे हैं, जिनके नाम त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में तो शामिल हैं, लेकिन वे विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची से नदारद हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी खुलासा किया कि विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे 55 लाख ऐसे लाभार्थी हैं, जिनके नाम वोटर लिस्ट में दर्ज ही नहीं हैं। 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के 4.5 लाख ऐसे युवा हैं, जो पहली बार वोट डालने के पात्र बन चुके हैं, लेकिन उनका नाम भी सूची से छूटा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आबादी के हिसाब से प्रदेश में मतदाताओं की संख्या जितनी होनी चाहिए, वर्तमान सूची उससे काफी कम दर्शा रही है।

हर पोलिंग बूथ पर BLO के साथ तालमेल बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे हर एक पोलिंग बूथ स्तर पर जाकर वोटर लिस्ट की गहनता से पड़ताल करें। उन्होंने निर्देश दिया कि इसके लिए स्थानीय बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और प्रक्रिया में गति लाई जाए। सीएम ने बताया कि छूटे हुए पात्र लोगों का नाम जुड़वाने के लिए सिर्फ बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की ही जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि सांसदों, विधायकों और संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में इसकी कमान संभालनी होगी। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे इस अभियान की लगातार मॉनिटरिंग और नियमित समीक्षा करते रहें।

आम जनता से भी की नाम जांचने की अपील

पार्टी कैडर को जिम्मेदारी देने के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह मतदाता सूची में अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम की जांच जरूर करे। किसी पात्र व्यक्ति का नाम लिस्ट में दर्ज नहीं है तो उसे तुरंत आवश्यक दस्तावेज जमा करके नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में हर योग्य नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में होना अनिवार्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीजेपी कार्यकर्ता आम लोगों की मदद करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।