Agniveer Service Extension News : केंद्र सरकार और भारतीय सेना ने देश के लाखों युवाओं के हित में अग्निपथ योजना को लेकर बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के नियमों में संशोधन कर 4 वर्ष का सेवा कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को 2 साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने की घोषणा की है। सरकार के फैसले के बाद आज यानी 05 नवंबर 2026 को रक्षा अधिकारियों ने इस नई व्यवस्था से जुड़े कई अहम सवालों के स्पष्ट जवाब दिए। संशोधित नियमों के तहत चार साल का सफल कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को पहले दो साल का एक्सटेंशन दिया जाएगा। इसके बाद जो अग्निवीर सेना की तय पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे और अपनी लिखित सहमति देंगे, उन्हें भारतीय सेना में स्थायी सैनिक के रूप में सेवा देने का मौका दिया जाएगा।

क्या छह साल की सेवा के बाद सभी अग्निवीर होंगे पक्के?

रक्षा अधिकारियों ने सबसे बड़े सवाल का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि अब छह साल की सेवा पूरी होने के बाद सभी अग्निवीरों को रेगुलर कैडर में शामिल किया जाएगा।

नई चयन प्रक्रिया के अनुसार

पहला चरण (4 साल बाद) : चार साल की सेवा पूरी होने पर 25% अग्निवीरों को तुरंत स्थायी कैडर में शामिल कर लिया जाएगा।

दूसरा चरण (6 साल बाद) : बचे 75% अग्निवीरों को दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार के बाद बिना किसी प्रतिशत सीमा के रेगुलर कैडर में शामिल किया जाएगा।

नियमित होने की मुख्य शर्तें : अग्निवीर सेना में बने रहने का इच्छुक हो, शारीरिक और मेडिकल रूप से पूरी तरह फिट हो और उसका सेवा रिकॉर्ड अनुशासित हो।

75% अग्निवीरों की वरिष्ठता (सीनियरिटी) का क्या होगा?

अधिकारियों ने उन 75% अग्निवीरों की सीनियरिटी से जुड़ी आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि किसी भी जवान की वरिष्ठता से समझौता नहीं किया जाएगा। छह साल बाद जब ये 75% अग्निवीर रेगुलर कैडर में शामिल होंगे तो उन्हें उनके ही मूल बैच के उन साथियों के ठीक बाद की सीनियरिटी दी जाएगी, जो चार साल बाद पक्के हुए थे। इसका सीधा अर्थ यह है कि वे अपने बैच के साथियों के बाद आएंगे, लेकिन किसी भी हाल में अपने बाद में भर्ती होने वाले नए बैच से जूनियर नहीं माने जाएंगे। उनकी वरिष्ठता पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।

क्या अग्निपथ योजना को वापस लिया गया है?

रक्षा अधिकारियों ने कहा है कि अग्निपथ योजना को वापस नहीं लिया गया है, बल्कि इसमें सुधार और विस्तार किया गया है। योजना के मूल ढांचे में दो साल का एक और कार्यकाल जोड़ा गया है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश सेवा में लगे सभी अग्निवीरों के लिए सेवा विस्तार के बाद भारतीय सेना में नियमित सैनिक बनने का स्थायी रास्ता खुल सके।

अग्निवीर भर्ती योजना का पृष्ठभूमि

भारतीय सशस्त्र बलों (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) में युवाओं की औसत उम्र कम करने और रक्षा बलों को अधिक आधुनिक बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने जून 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की थी। चार से छह साल के सेवा के दौरान अग्निवीरों को आकर्षक मासिक वेतन पैकेज के साथ सेवा निधि पैकेज, जोखिम व कठिनाई भत्ते और दुर्घटना बीमा कवर जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। गृह मंत्रालय और राज्य सरकारों ने भी अग्निवीरों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), राज्य पुलिस और रक्षा मंत्रालयों से जुड़ी नौकरियों में 10% आरक्षण और आयु सीमा में छूट के प्रावधान लागू किए हैं।