आगरा में समाजवादी पार्टी के संगठन में विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। सपा की महिला नेता मोनिका नाज खान ने आरोप लगाया है कि उन्हें सपा का झंडा लगी कार से टक्कर मारी गई। इस घटना में वह घायल हो गईं। दूसरी ओर सपा के महानगर उपाध्यक्ष जमील खान और नासिर उर्फ रोहित ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। मोनिका नाज खान के अनुसार, गुरूवार रात वह अपने पति साबिर के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। दोनों दिल्ली गेट से खाना पैक कराकर घर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के पास उनकी स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी।
मोनिका नाज खान को ले लाया गया निजी अस्पताल
मोनिका के आरोप के अनुसार, कार पर सपा का झंडा लगा था। घटना के बाद मोनिका नाज खान को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज मिला है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि फुटेज में मोनिका स्कूटी फिसलने के बाद गिरती हुई दिखाई दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
जमील खान ने जान से मारने का लगाया आरोप
इस विवाद में सपा के महानगर उपाध्यक्ष जमील खान की शिकायत पर मोनिका नाज खान के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। जमील खान ने आरोप लगाया है कि उन्हें सोशल मीडिया पोस्ट के बाद धमकी भरे और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। जमील खान के अनुसार, उन्होंने 10 सितम्बर को अपने फेसबुक अकाउंट पर समाज में फैली बुराइयों को लेकर एक कहावत लिखी थी। उनका कहना है कि यह पोस्ट किसी खास व्यक्ति के लिए नहीं थी। इसके बाद मोनिका नाज खान की ओर से उन्हें मोबाइल पर कई संदेश भेजे गए। जमील ने आरोप लगाया कि इन संदेशों में अपमानजनक भाषा और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सपा के दोनों नेताओं ने दिया इस्तीफा
वहीं, विवाद के बीच सपा के महानगर उपाध्यक्ष जमील खान और नासिर उर्फ रोहित ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गलत बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने परिवार की महिलाओं को फोन कर परेशान करने का भी आरोप लगाया है। नासिर उर्फ रोहित ने कहा कि उन्होंने संगठन के बड़े नेताओं को मामले की जानकारी दी, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया। जमील खान ने कहा कि उनका इस्तीफा मौजूदा हालात और कथित अन्याय के विरोध में है। दोनों नेताओं ने कहा कि उन्होंने केवल पार्टी के पद छोड़े हैं, समाजवादी विचारधारा नहीं।