एशियन गेम्स 2026 के वुमेंस क्रिकेट के चौथे क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। निशिन में खेले गए इस मुकाबले में जापान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 57 रन पर ऑलआउट हो गई। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में सिर्फ 5 ओवर में 2 विकेट खोकर 58 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
57 रन पर सिमटी जापान की टीम
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने दबाव में नज़र आई। जापान की तरफ से 2 बल्लेबाज ही डबल स्कोर कर पाए। जापान को पहला झटका सातवें ओवर में लगा जिसके बाद उसकी पारी संभल नहीं सकी। भारत के लिए श्री चरनी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, शेफाली वर्मा ने 2, दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को भी 1-1 विकेट मिला।
जापान के नाम दर्ज शर्मनाक रिकॉर्ड
जापान की महिला टीम के नाम टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। यह टीम का अब तक का चौथा सबसे कम T20I स्कोर है। जापान इससे, पहले तंजानिया के खिलाफ 27, पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 37 और नेपाल के विरुद्ध 46 रन पर ऑलआउट हो चुकी है।
श्री चरनी शानदार फॉर्म में
इस जीत में श्री चरनी ने भी अहम भूमिका निभाई। वह इस साल टी20 इंटरनेशनल में लगातार शानदार गेंदबाजी कर रही हैं। 2026 में अब तक खेले 21 मैचों में चरनी के नाम 43 विकेट हैं। इस दौरान उन्होंने 10.93 की औसत से विकेट लिए और उनकी इकॉनमी 5.92 रही। खास बात यह है कि वह इस साल तीन बार एक पारी में 4 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुकी हैं।
30 गेंदों में मुकाबला ख़त्म
58 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए, शेफाली ने आक्रामक अंदाज़ में पारी की शुरुआत की और पहले ही ओवर में चार चौके जड़कर जापान पर तुरंत दबाव बना दिया। स्मृति मंधाना की जगह ओपनिंग करने उतरीं जी. कामलिनी और तीसरे नंबर पर आईं भारती फुलमाली ने लॉन्ग-ऑन और पॉइंट पर फील्डरों को कैच थमाकर अपने विकेट गंवा दिए। कामलिनी को आउट करने वाली बाएं हाथ की तेज़ गेंदबाज़ यासुमोतो ने नई गेंद से एक विकेट-मेडन ओवर भी डाला।
इन टीमों ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
बांग्लादेश और चीन के बीच पहला क्वार्टर फाइनल खेला जाना था, जो बारिश और गीले मैदान के कारण रद्द कर दिया गया था। ऐसे में सीडिंग के आधार पर बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में सीधे जगह बना ली, जबकि पाकिस्तान करीबी मैच में थाइलैंड को 3 विकेट से हराकर सेमीफाइनल पहुंची। वहीं, आज सुबह श्रीलंका ने मलेशिया को 87 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब भारत ने भी जापान के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। भारत का सामना बांग्लादेश से 20 सितंबर दूसरे सेमीफाइनल में होगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टक्कर श्रीलंका से होगी। जबकि 22 सितंबर को मेडल मैच खेले जाएंगे।
इस मुकाबले में क्या-क्या रिकॉर्ड बने?
महिला T20I में गेंदें बचाकर हासिल की गई बड़ी जीत:
108 गेंदें — जिम्बाब्वे महिला vs एस्वातिनी महिला, गैबोरोन (2021)
104 गेंदें — आयरलैंड महिला vs फ्रांस महिला, ला मांगा (2021)
98 गेंदें — जिम्बाब्वे महिला vs नाइजीरिया महिला, हरारे (2019)
90 गेंदें — भारत महिला vs जापान महिला, निशिन (2026)
87 गेंदें — इंग्लैंड महिला vs वेस्टइंडीज महिला, ब्रिजटाउन (2022)
जापान महिला टीम के सबसे कम T20I स्कोर:
27 रन — तंजानिया महिला के खिलाफ, वोंग नाई (2023)
37 रन — पापुआ न्यू गिनी महिला के खिलाफ, पोर्ट विला (2019)
46 रन — नेपाल महिला के खिलाफ, वोंग नाई (2023)
57 रन — भारत महिला के खिलाफ, निशिन (2026)
65 रन — हांगकांग के खिलाफ, हांगझोउ (2023)
65 रन — वानुआतु महिला के खिलाफ, पोर्ट विला (2023)
एक साल में सबसे ज्यादा महिला T20I विकेट:
56 विकेट – थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड महिला), 2025
50 विकेट – हेनरिएट इशिम्वे (रवांडा महिला), 2024
43 विकेट – श्री चरणी (भारत महिला), 2026
43 विकेट – मैरी बिमेनिमाना (रवांडा महिला), 2024
42 विकेट – थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड महिला), 2026
भारतीय महिला टीम की T20I में सबसे बड़ी जीत (गेंदें शेष):
90 गेंदें – जापान महिला के खिलाफ, निशिन, 2026
84 गेंदें – थाईलैंड महिला के खिलाफ, सिलहट, 2022
70 गेंदें – बांग्लादेश महिला के खिलाफ, हांगझोउ, 2023
69 गेंदें – श्रीलंका महिला के खिलाफ, सिलहट, 2022
68 गेंदें – पाकिस्तान महिला के खिलाफ, दुबई, 2026