दिवाली और छठ पूजा पर अपने घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ से देश के प्रमुख रेलवे स्टेशन और ट्रेनें खचाखच भर गई हैं। दिल्ली, गुरुग्राम समेत कई शहरों में यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के लिए लंबी कतारों और भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। कई जगह जनरल और स्लीपर कोच में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।गुरुग्राम में शनिवार को रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। यूपी, बिहार और बंगाल की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों में खड़े होने तक की जगह नहीं बची। यात्रियों को जनरल कोच में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ लोग भीड़ के कारण स्लीपर कोच में भी सवार होते दिखाई दिए।
राजधानी के रेलवे स्टेशनों पर रोजाना पहुंच रहे 8 लाख यात्री
रेल मंत्रालय के अनुसार, 1 अक्टूबर से 5 नवंबर तक दिल्ली के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों—नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और सराय रोहिल्ला—से करीब दो करोड़ यात्रियों ने सफर किया। सामान्य दिनों में इन स्टेशनों पर रोजाना लगभग पांच लाख यात्री आते-जाते हैं, लेकिन 1 से 5 नवंबर के बीच यह संख्या बढ़कर करीब आठ लाख प्रतिदिन हो गई। मुंबई के प्रमुख स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं, हैदराबाद, बेंगलुरु और सूरत के रेलवे स्टेशनों पर भी त्योहारों के दौरान सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक भीड़ दर्ज की गई।
त्योहारों के लिए 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चला रहा रेलवे
त्योहारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे इस साल करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, पिछले साल त्योहारों के दौरान लगभग 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। इस बार इनकी संख्या बढ़ाई गई है, ताकि यात्रियों को अतिरिक्त सफर विकल्प मिल सकें। रेलवे ने कई प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनें भी शुरू की हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण इन राज्यों के लिए विशेष सेवाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
छह स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली-NCR के छह प्रमुख स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी है। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, आनंद विहार हॉल्ट और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इस दौरान केवल वैध टिकट वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति होगी। बुजुर्गों, बीमार लोगों और दिव्यांग यात्रियों की मदद के लिए उनके साथ आने वाले व्यक्तियों को नियमानुसार छूट दी गई है।
AI कैमरों और CCTV से होगी निगरानी
रेलवे ने भीड़ प्रबंधन के लिए बड़े स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए भी अलग प्रतीक्षा क्षेत्र बनाया गया है। सामान की जांच के लिए स्कैनर लगाए गए हैं और टिकटिंग व्यवस्था को भी सुविधाजनक बनाया गया है। करीब 700 AI-सक्षम कैमरों और CCTV की मदद से स्टेशनों पर निगरानी की जा रही है। रेल भवन में बनाए गए वार रूम से 28 प्रमुख स्टेशनों की गतिविधियों, ट्रेनों की आवाजाही और देरी पर नजर रखी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनाती की गई है। रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशन पर समय से पहुंचें, धक्का-मुक्की से बचें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।