उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर शुक्रवार देर रात जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि चौकी के दो अलग-अलग कमरों की खिड़कियां टूट गईं और दीवार में भी दरार आ गई। इस घटना में वहां सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया। उसे इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। उस समय चौकी पर एक उपनिरीक्षक मौजूद थे और डिलीवरी बॉय उनके लिए खाना लेकर पहुंचा था। इसी दौरान अचानक धमाका हुआ, जिससे चौकी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। टूटे हुए शीशे लगने से डिलीवरी बॉय को चोट आई।

एसी ब्लास्ट या विस्फोटक सामग्री, जांच में जुटी टीमें

धमाके की वजह को लेकर शुरुआत में एसी में विस्फोट होने की आशंका जताई गई। वहीं, चौकी में जब्त करके रखे गए पटाखों में धमाका होने की बात भी सामने आई। पुलिस ने पटाखों में विस्फोट की आशंका से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि धमाके की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूचना मिलते ही एसीपी सूर्यबली मौर्य और डीसीपी ऋजुल घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद दमकल विभाग, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और बम निरोधक दस्ते ने भी मौके की जांच की। जांच टीमों ने वहां से जरूरी नमूने और अन्य सबूत एकत्र किए।

दो कमरों की खिड़कियां टूटीं, दीवार में आई दरार

विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी के दो कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। धमाके से दीवार में दरार पड़ गई और अंदर रखा सामान भी इधर-उधर बिखर गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धमाका किस चीज या उपकरण की वजह से हुआ। घटना के बाद चौकी में जब्त सामान रखने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद ही धमाके के कारणों को लेकर स्थिति साफ होगी।

पुलिस ने शुरू की जांच

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, धमाके के समय चौकी पर एक उपनिरीक्षक और सामान पहुंचाने आया डिलीवरी बॉय मौजूद थे। शीशे टूटने से डिलीवरी बॉय घायल हुआ है। धमाके की प्रकृति और कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।