गुरुग्राम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां एक कार युवक महिला बाइक राइडर को टक्कर मारकर फरार हो गया। यह घटना रविवार को सुबह गोल्फ कोर्स रोड की है। जानकारी के मुताबिक, महिला राइडर सिया अपने दोस्तों के साथ वीकेंड राइड पर निकली थी। उसी समय एक कार उसकी बाइक के पास आ गई और उस कार में बैठे युवक ने उसको रुकने का इशारा किया। सिया उस युवक को नहीं जानती थी, इसलिए उसने बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ गई। 

कार से बाइक को मारी टक्कर 

मामला सामने आने पर बताया जा रहा है कि जब सिया उस कार सवार युवक के इशारा करने पर नहीं रुकी और आगे बढ़ गई तो वो कार सवार उसका पीछा करने लगा। फिर कुछ दूर आगे जाकर सिया की बाइक के करीब अपनी कार लाया और अपनी कार से उसकी बाइक पर जोर से टक्कर मारी। टक्कर लगते ही सिया चलती बाइक से नीचे गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आस-पास के लोगों को भी मौका नहीं मिला कि वो सिया को गिरने से बचा पाएं। 

आरोपी को पकड़ने की कोशिश 

हादसे के बाद सिया का दोस्त बाइक से उस कार युवक का पीछा करने लगा, लेकिन वो कार युवक बहुत तेज रफ्तार में था और चकमा देते हुए ट्रैफिक के बीच निकल गया। सिया के दोस्त ने बहुत कोशिश की आरोपी को पकड़ने की, लेकिन वो उस तक नहीं पहुंच पाया। हालांकि, सिया की बाइक के करीब आने से लेकर उसको टक्कर मारने तक की पूरी घटना सिया के बाइक और हेलमेट कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। 

सेफ्टी गियर ने चोट लगने से बचाया 

सड़क पर गिरने के बाद भी सिया को कोई गंभीर चोट नहीं आई क्योंकि सिया ने सेफ्टी गियर पहन रखा था। वह राइडिंग के समय हेलमेट के साथ जरूरी सुरक्षा की चीजें और राइडिंग सूट पहने हुए थी, जिसकी वजह से चलती बाइक से गिरने के बाद भी सिया को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। घटना होने बाद सिया के साथ जो दूसरे बाइक राइडर थे, वो लोग भी तुरंत उसकी मदद के लिए गए। घटना के बाद सिया ने रिकार्डेड वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। यह वीडियो सामने आने पर लोगों ने इस पर नाराजगी जताई है और गुरुग्राम की रोड पर महिला राइडर्स की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। 

आरोपी की पहचान 

सोशल मीडिया पर जब ये वीडियो सामने आया तो एक्स पर एक अमित नाम के यूजर ने कार की और उस युवक की पहचान करते हुए उसका पता बताया। पुलिस को इस मामले से जुड़ी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने इस मामले को लेकर बयान जारी किया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।