Nitin Navin Meerut And Saharanpur Visit News: भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के मकसद से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी यूपी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। दौरे की शुरुआत सोमवार को मेरठ से हुई। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नितिन नवीन के अभिनंदन के लिए विशेष रूप से 25 बुलडोजर खड़े किए गए थे। बुलडोजर के जरिए उन्हें विशाल माला पहनाई गई। मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों के बीच हुए इस स्वागत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी साथ रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का मेरठ और सहारनपुर में यह पहला आगमन था। दौरे के दूसरे दिन आज नितिन नवीन सहारनपुर पहुंचे। कमिश्नर कार्यालय के पास कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे ओजपुरा स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया।

दलित कार्यकर्ता के घर में जमीन पर बैठकर खाया खाना

सहारनपुर दौरे का सबसे प्रमुख पल तब आया, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष ओजपुरा (वार्ड नंबर 3) में रहने वाले भाजपा के पुराने दलित कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष अजब सिंह मास्टर के घर पहुंचे। अजब सिंह रविदास मंदिर समिति के अध्यक्ष भी हैं। नितिन नवीन ने अजब सिंह के घर पर सादगी के साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक शाकाहारी भोजन किया।

भाजपा का कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता

इस दौरान नितिन नवीन ने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए कहा कि भाजपा में कोई छोटा या बड़ा कार्यकर्ता नहीं होता। बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है। एक निष्ठावान कार्यकर्ता के घर भोजन करना उनके लिए गर्व की बात है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस कदम से स्थानीय दलित समाज और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया।

सहारनपुर मंडल की 16 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 6 पर भाजपा का कब्जा

भाजपा के लिए पश्चिमी यूपी का यह क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है। वर्तमान में सहारनपुर मंडल की 16 विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास सिर्फ 6 सीटें हैं। क्षेत्र की तीनों लोकसभा सीटों पर विपक्षी गठबंधन (सपा-कांग्रेस) का कब्जा है। ऐसे में 2027 में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए भाजपा ने इस कमजोर गढ़ को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया है।