इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पांच बार की चैंपियन टीम एक बार फिर रोहित शर्मा को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या की जगह रोहित को कप्तान बनाने का फैसला लगभग कर लिया है। बताया जा रहा है कि रोहित ने भी इस जिम्मेदारी के लिए सहमति दे दी है।रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते थे। 2024 सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंप दी थी। हार्दिक गुजरात टाइटंस से मुंबई में लौटे थे और उनके नेतृत्व में टीम को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले।

हार्दिक की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन रहा निराशाजनक

रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ा। टीम ने उनके नेतृत्व में 2026 सीजन में 14 में से 10 मुकाबले गंवाए और अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। फ्रेंचाइजी का खिताब का इंतजार भी लगातार बढ़ता गया। बताया जा रहा है कि मुंबई मैनेजमेंट ने पिछले सीजन के दौरान ही कप्तानी में बदलाव पर विचार किया था। सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के नाम पर भी चर्चा हुई, लेकिन आखिरकार टीम ने अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा की ओर रुख किया। रिपोर्ट के अनुसार, रोहित ने शुरुआत में तिलक वर्मा का नाम सुझाया था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनसे खुद कप्तानी संभालने का अनुरोध किया। फ्रेंचाइजी के अनुरोध पर रोहित अगले साल टीम की कमान संभाल सकते हैं।

हार्दिक पांड्या के भविष्य पर भी सवाल

रोहित की वापसी की संभावना के बीच हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस में बने रहने को लेकर भी अटकलें तेज हैं। पिछले कुछ समय से उनके दूसरी फ्रेंचाइजी में जाने की खबरें सामने आती रही हैं। गुजरात टाइटंस में उनकी वापसी को लेकर भी चर्चा हुई थी, लेकिन कप्तानी की शर्त पर बात आगे नहीं बढ़ सकी। यदि हार्दिक का ट्रेड नहीं होता है तो रिपोर्ट के मुताबिक वह रोहित की कप्तानी में खेलने के लिए तैयार हैं। फिलहाल मुंबई इंडियंस ने हार्दिक के भविष्य या किसी संभावित ट्रेड को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने सपोर्ट स्टाफ में भी कई बदलाव किए हैं। कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच, न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच और टी दिलीप को फील्डिंग कोच बनाया गया है। इसके अलावा धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। नए कोचिंग स्टाफ और संभावित कप्तानी बदलाव के साथ मुंबई इंडियंस अगले सीजन में नई रणनीति के साथ उतर सकती है। रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी होती है तो यह फ्रेंचाइजी के लिए पुराने सफल दौर की ओर लौटने जैसा होगा। कप्तानी और हार्दिक के ट्रेड को लेकर अंतिम तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।