Noel Tata Retirement News : टाटा ग्रुप की जानी-मानी एयर कंडीशनर और इंजीनियरिंग कंपनी वोल्टास (Voltas) में लीडरशिप यानी नेतृत्व में बहुत बड़ा बदलाव होने जा रहा। कंपनी के मौजूदा चेयरमैन नोएल टाटा (Noel Tata) 11 नवंबर को अपने पद से रिटायर होने जा रहे। उनकी जगह 12 नवंबर से टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और सीईओ सुनील डी सूजा वोल्टास के नए चेयरमैन का कार्यभार संभालेंगे। वैसे, नोएल टाटा कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं होंगे, बल्कि उन्हें चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा। कंपनी ने मई 2027 में नया मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) संभालने वाले उत्तराधिकारी का नाम भी तय कर दिया है।
क्या हो सकती है आगे की रणनीति?
वोल्टास की तरफ से दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार कंपनी के बोर्ड ने नोएल टाटा को 12 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि वह चेयरमैन पद छोड़ने के बाद भी किसी-न-किसी रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे, लेकिन उनकी भूमिका पूरी तरह बदल जाएगी। बता दें, नोएल टाटा साल 2003 से वोल्टास के साथ जुड़े हुए हैं। नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था। वह 12 नवंबर 2026 को पूरे 70 साल के हो जाएंगे। कंपनी अधिनियम 2013 के नियमों के मुताबिक 70 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र के किसी भी व्यक्ति को किसी कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर या होल टाइम डायरेक्टर नियुक्त नहीं किया जा सकता। इस उम्र सीमा तक पहुंचने के बाद कोई भी व्यक्ति इस पद पर बना भी नहीं रह सकता है। उम्र से जुड़े इन्हीं नियमों के चलते नोएल टाटा टाटा ग्रुप की कई कंपनियों के बोर्ड से भी पहले ही हट चुके हैं। उनमें ट्रेंट, टाटा स्टील, टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा इंटरनेशनल जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
कौन हैं सुनील डी सूजा और आगे के क्या हैं प्लान?
सुनील डी सूजा वर्तमान में टाटा ग्रुप की दिग्गज एफएमसीजी कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के रूप में काम कर रहे। यह कंपनी टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा संपन्न जैसे मशहूर ब्रांड्स के जरिए नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थों का कारोबार संभालती है। अब वह 12 नवंबर से वोल्टास के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर लेंगे। वोल्टास में नेतृत्व का यह बदलाव सिर्फ चेयरमैन पद तक सीमित नहीं है। कंपनी के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर सीपी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त हो जाएगा। वह टाटा ग्रुप की कार्यकारी निदेशकों के लिए तय की गई रिटायरमेंट पॉलिसी के नियमों के तहत रिटायर होंगे। उनकी जगह कंपनी के मौजूदा रूम एयर कंडीशनर कारोबार के प्रमुख जयंत बालन यह जिम्मेदारी संभालेंगे। बोर्ड ने उन्हें 25 मई 2027 से अगले पांच साल के लिए नया मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है।
निवेशकों और बाजार की नजरें क्यों टिकीं?
वोल्टास में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर दोनों महत्वपूर्ण पदों के लिए उत्तराधिकारियों के नाम तय होने से कंपनी में लीडरशिप ट्रांसमिशन की पूरी प्रक्रिया बिल्कुल साफ हो गई है। निवेशकों और शेयर बाजार के जानकारों के लिए यह देखना बेहद दिलचस्प और अहम होगा कि नए चेयरमैन सुनील डी सूजा और आने वाले मैनेजिंग डायरेक्टर जयंत बालन के मार्गदर्शन में कंपनी की आगे की बिजनेस रणनीति और ग्रोथ की दिशा कैसी रहती है। खासकर एयर कंडीशनर (AC) बाजार में वोल्टास अपनी मजबूत पकड़ को बनाए रखने के लिए क्या नई योजनाएं लेकर आती है, इस पर पूरे मार्केट की पैनी नजर बनी है।