बॉलीवुड एक्टर आदर्श गौरव की निजी जिंदगी को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर और उनकी गर्लफ्रेंड राधिका कोलगांवकर ने करीब आठ साल तक साथ रहने के बाद अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। दोनों साल 2018 से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि, अपने रिश्ते को बचाने के लिए उन्होंने काफी कोशिशें भी कीं, लेकिन आखिरकार बात नहीं बन सकी। अब दोनों के अलग होने की खबर ने उनके चाहने वालों को हैरान कर दिया है।

जुलाई में ही हो गया था दोनों का ब्रेकअप

एक रिपोर्ट के अनुसार, आदर्श गौरव और राधिका कोलगांवकर इसी साल जुलाई में अलग हो गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ ऐसी परिस्थितियां बनीं, जिनकी वजह से उनके रिश्ते में मुश्किलें आने लगीं। दोनों ने जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के बजाय अपने रिश्ते को एक और मौका देने की कोशिश की। दोनों ने आपसी मतभेद सुलझाने और रिश्ते को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं हो पाईं। अलग होने के पीछे की वजहों को निजी बताते हुए सार्वजनिक नहीं किया गया है। फिलहाल दोनों इस फैसले को स्वीकार कर अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर बनाई दूरी

आदर्श और राधिका के अलगाव की खबरों को तब और चर्चा मिली, जब सोशल मीडिया पर सामने आया कि दोनों अब एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो नहीं कर रहे हैं। इसे उनके रिश्ते में आई दूरी से जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें, आदर्श गौरव या राधिका की तरफ से अब तक ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दोनों ने इस मामले पर चुप्पी बना रखी है और अपनी पर्सनल लाइफ को लोगों से दूर रखा है।

कौन हैं राधिका कोलगांवकर?

राधिका कोलगांवकर मुंबई की रहने वाली ग्राफिक डिजाइनर हैं। आदर्श गौरव के साथ उनके रिश्ते की खबरें फरवरी 2023 में सामने आई थीं। उस समय बताया गया था कि दोनों करीब चार साल से साथ थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी दोनों की साथ में कई तस्वीरें देखने को मिली थीं। आदर्श आमतौर पर अपनी निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा बात करना पसंद नहीं करते। हालांकि, दिसंबर 2023 में उन्होंने राधिका के जन्मदिन पर एक खास पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते की झलक दिखाई थी। दोनों की बॉन्डिंग देखकर फैंस भी उनकी जोड़ी को काफी पसंद करते थे।