Ashutosh Ranka Detained : असम में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की मीटिंग से ठीक पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। आज गुवाहाटी में होने वाली पार्टी कार्यकर्ताओं की पहली क्षेत्रीय बैठक को पुलिस ने रोका और सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका, कई सदस्यों को हिरासत में लिया। इसके बाद CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा कर बताया कि पार्टी प्रतिनिधि एक साधारण-सी संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेने जा रहे थे। उन्हें पुलिस अनजान जगह पर ले गई।
वोटर लिस्ट और सरकारी तंत्र पर उठाए थे सवाल
हिरासत में लिए गए नेता आशुतोष रांका शनिवार को ही असम पहुंचे थे। वे इस बैठक को संबोधित करने वाले थे। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने बयान दिया था कि CJP असम में मतदाता सूची संशोधन से प्रभावित परिवारों से बातचीत करेगी और सरकारी स्कूलों की स्थिति का जायजा लेगी। रांका ने प्रशासन पर आरोप लगाया था कि राज्य में शिक्षा, जमीन और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका दावा था कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं, जिस कारण संगठन की गतिविधियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरक्षा बलों की तैनाती पर उठे सवाल
पार्टी ने दावा किया कि बैठक स्थल के आसपास पुलिस द्वारा आंसू गैस के उपकरण तैनात किए गए थे। हिरासत में लिए कार्यकर्ताओं से उनके वकीलों को भी मिलने नहीं दिया जा रहा। संगठन का कहना है कि अचानक हुई इस कार्रवाई के चलते हिरासत में लिए गए सदस्यों की सटीक संख्या का पता नहीं चल सका है। यह एक्शन तब लिया गया है, जब CJP पूर्वोत्तर भारत और असम में अपने संगठन के विस्तार में जुटी थी। पार्टी ने रांका और सहयोगियों को तुरंत छोड़ने की मांग की है। यह भी कहा कि इस तरह के कदमों के बावजूद उनका जमीनी अभियान रुकने वाला नहीं है।