जापान में चल रहे एशियाई गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुकाबला भी खेला जाएगा। इस मैच से पहले ही भारत और पाकिस्तान के बीच जुबानी जंग शुरू हो चुकी है, जहां दोनों देशों के लोग एक-दूसरे पर तंज कसना शुरू कर चुके हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन अपने बयान के कारण सुर्खियों में हैं। हेसन ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि "भारत व्हाइट-बॉल क्रिकेट में दुनिया के लिए एक बेंचमार्क बन चुका है।" उन्होंने यह बात कराची में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने कहा कि "अगर भारत और पाकिस्तान एशियाई गेम्स के फाइनल में आमने-सामने आते हैं, तो साहिबजादा फरहान एंड कंपनी श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम पर पूरा दबाव बनाएगी।"

पाकिस्तान देगा भारत को टक्कर

कराची में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेसन ने भारत की तारीफ करने में कोई कंजूसी नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि "भारत व्हाइट-बॉल क्रिकेट में दुनिया के लिए एक बेंचमार्क बन चुका है। उन्होंने कहा, "हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती भारत तक पहुंचना है। पाकिस्तान भी अपनी तरफ से पूरी तैयारी कर रहा है। अगर हमें भारत से खेलने का मौका मिला, तो हम भी भारत पर बहुत दबाव बनाएंगे। जैसा कि आप सभी को पता है, हमने एशिया कप में भारत पर बहुत दबाव बनाया था। हालांकि, अभी बहुत क्रिकेट खेलना बाकी है, इसलिए पाकिस्तान अभी बहुत आगे का नहीं सोच रहा है।" बता दें, 24 सितंबर से एशियाई गेम्स में क्रिकेट की शुरुआत हो चुकी है, जहां भारत और पाकिस्तान को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। ऐसे में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला गोल्ड मेडल के लिए भी हो सकता है।

पाकिस्तान टीम T20I में खराब दौर में नहीं

पाकिस्तान टीम पर उठ रहे सवालों को लेकर हेसन ने टीम का बचाव किया। हेसन ने कहा, "पाकिस्तान पिछले 15 महीनों में T20I में जीत के प्रतिशत के मामले में दुनिया में तीसरे या चौथे नंबर पर रहा है। हमारी टीम टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष कर रही है और हम इस बात को जानते हैं। हमारी टीम भारत से पिछले कुछ मैच हारी है, इसका यह मतलब नहीं है कि पाकिस्तान T20I में निचले स्तर पर है।"

2027 विश्व कप से पहले टीम पर काम करने की जरुरत 

हेसन ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि "जब उन्होंने पाकिस्तान की कमान हेड कोच के रूप में संभाली थी, तब पाकिस्तान 8वें पायदान पर था और अब टीम 5वें पायदान पर है।" हेसन ने कहा कि "पाकिस्तान ने अमेरिका और दुबई में भी सीरीज जीती है।" हेसन ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कहा कि "पाकिस्तान की टीम में बहुत सुधार की जरूरत है। 2027 वर्ल्ड कप से पहले टीम को धीरे-धीरे मजबूत किया जाएगा, लेकिन अभी भी टीम में बहुत काम करना बाकी है।"