Ayodhya Elections News : उत्तर प्रदेश की राजनीति में फिर अयोध्या की सीट को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। अयोध्या से बीजेपी विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर बहुत बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बीच अयोध्या विधानसभा सीट से चुनावी मुकाबला होता है तो परिणाम पूरी तरह से एकतरफा होगा। अखिलेश यादव अपनी जमानत तक नहीं बचा पाएंगे। विधायक ने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का खुला आमंत्रण भी दे डाला है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का अखिलेश पर तीखा हमला
पत्रकारों से बातचीत में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साल 2017 के बाद से अयोध्या की पूरी तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या को वैश्विक पर्यटन नगरी बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में यहां बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। आज अयोध्या समेत देश के तमाम प्रमुख तीर्थ स्थलों को नई और भव्य पहचान मिली है। विधायक ने अखिलेश यादव के 5 साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर भी कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन काल में अयोध्या के विकास के लिए कोई भी उल्लेखनीय या ठोस काम नहीं किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस समय तत्कालीन सपा सरकार की कैबिनेट में अयोध्या का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्री भी मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद शहर को विकास के मामले में कभी कोई प्राथमिकता नहीं दी गई। विधायक ने कहा कि आज रामनगरी में जो ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, उन्हें देश और दुनिया की जनता अपनी आंखों से देख रही है। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मिलकर अयोध्या को धार्मिक, सांस्कृतिक और वैश्विक पर्यटन के मानचित्र पर एक अद्वितीय पहचान दिलाई है।
अखिलेश यादव की चुनौती और कल बलरामपुर में सीएम योगी का पलटवार
हाल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव दो दिनों के दौरे पर अयोध्या पहुंचे थे। उस दौरान अखिलेश ने सीएम योगी को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री को अपनी लोकप्रियता पर इतना ही घमंड है तो वे अगली बार अयोध्या सीट से चुनाव लड़कर ताकत दिखाए। अखिलेश ने चुनाव आयोग और राज्य की प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल उठाए थे। सपा प्रमुख ने कहा था कि शासन हमेशा न्याय और इंसानियत के बल पर चलता है और आने वाले चुनाव में अयोध्या की जनता दूध का दूध और पानी का पानी अलग कर देगी।
आइए, अपनी-अपनी किस्मत आजमाते हैं: योगी
कल यानी शनिवार को बलरामपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश की चुनौती को खुले तौर पर स्वीकार करते हुए कहा कि अयोध्या हमारे लिए राजनीत का मैदान नहीं है। यह हमारा पावन धाम एवं आस्था का बड़ा सेंटर है। सीएम ने कहा कि आप भी अयोध्या से चुनाव का पर्चा भरें। मैं भी मैदान में उतरता हूं। आइए! एक बार अपनी-अपनी किस्मत आजमा लेते हैं।