2024 महिला टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को पहली बार खिताब दिलाने वाले कोच बेन सॉयर अब टीम के साथ नजर नहीं आएंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शुक्रवार को उनके पद से हटने की जानकारी दी। सॉयर करीब चार साल तक महिला टीम के मुख्य कोच रहे सॉयर ने 2022 में न्यूजीलैंड की महिला टीम की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली थी। उनके कार्यकाल में टीम ने कई अहम उपलब्धियां हासिल कीं। 

2024 में जिताया टी20 विश्व कप 

2022 में सॉयर के पद संभालने के बाद अमेलिया केर को टीम की कप्तानी सौंपी गई और उसी साल इंग्लैंड में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। इसके बाद, उन्होंने 2024 में न्यूजीलैंड को उनका पहला महिला T20 विश्व कप खिताब भी जिताया। हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम पिछले साल 50 ओवर के विश्व कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी और 2026 महिला T20 विश्व कप में अपने T20 विश्व कप टाइटल को बचाने की कोशिश में भी ग्रुप स्टेज से बाहर होना पड़ा।

क्रिकेट बोर्ड ने जारी किया बयान

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान जारी करते हुए कहा, "सॉयर का कॉन्ट्रैक्ट, जो दिसंबर 2026 में खत्म होने वाला था, उसे एक विस्तृत समीक्षा प्रक्रिया के बाद रिन्यू नहीं किया गया है।" आपको बता दें कि टीम से 2026 में अपने टी20 विश्व कप का खिताब बचाने की उम्मीद थी, लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से ही बाहर का रास्ता देखना पड़ा। ग्रुप स्टेज में टीम 5 मुकाबलों में से सिर्फ 2 में ही जीत दर्ज कर पाई। इसके बाद विमेंस हाई परफॉर्मेंस सिस्टम की समीक्षा की गई और सॉयर का अनुबंध तय समय से पहले खत्म करने का फैसला लिया गया।  

टीम को दी शुभकामनाएं

सॉयर टीम छोड़ने से निराश नजर आए, लेकिन उन्होंने कहा कि "टीम को कोचिंग देना उनके लिए सम्मान की बात थी। यह टीम उनके लिए बहुत मायने रखती है और पिछले चार सालों में उन्होंने जो हासिल किया है, उस पर उन्हें सचमुच गर्व है।" इसके साथ ही उन्होंने भविष्य के लिए टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट को शुभकामनाएं दीं। 

कप्तान अमेलिया केर ने की तारीफ

टीम की कप्तान अमेलिया केर ने सॉयर के योगदान को याद करते हुए कहा- "हम बेन और इस टीम के लिए उनके किए गए हर काम के लिए बहुत आभारी हैं। उनकी तैयारी सबसे बेहतरीन थी, उन्होंने इस भूमिका में अपना सब कुछ झोंक दिया और टीम को बेहतर बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। न्यूजीलैंड में महिला क्रिकेट के एक अहम मोड़ पर बेन ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने हम पर जो भरोसा दिखाया, उसी की वजह से मुश्किल भरे कुछ महीनों के बाद टीम वर्ल्ड कप जीत पाई, यह उनके चरित्र और लीडरशिप का सबूत है।"

अगले महीने ऑस्ट्रेलिया जाएगी टीम 

व्हाइट फर्न्स अपनी आने वाली T20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अगले महीने ऑस्ट्रेलिया जाएंगी, जिसके लिए उनके साथ एक अंतरिम हेड कोच और टीम मैनेजर होंगे। इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान अक्टूबर की शुरुआत में किया जाएगा। इसके कुछ समय बाद ही फुल-टाइम हेड कोच की नियुक्ति की जाएगी।