न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में शीर्ष पर पहुंचा दिया। फिलिप्स ने पूरी सीरीज में कुल 341 रन बनाए और द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाज फिल सॉल्ट को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम पहले यह रिकॉर्ड दर्ज था। फिल सॉल्ट ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 331 रन बनाए थे। फिलिप्स ने भारत के खिलाफ 341 रन बनाकर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया। रविवार को खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में नाबाद 65 रन की पारी ने उन्हें इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचाया।

पांच मैचों में चार बार 50 से ज्यादा का स्कोर

ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ पूरी सीरीज में निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने पहले टी20 मैच में 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए। इसके बाद दूसरे मुकाबले में 43 गेंदों पर 70 रन की पारी खेली। तीसरे टी20 में उनका बल्ला कुछ खास नहीं चला और वह 17 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन चौथे मैच में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए महज 49 गेंदों पर 107 रन ठोक दिए। पांचवें मुकाबले में भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 38 गेंदों पर नाबाद 65 रन बनाए और न्यूजीलैंड को सात विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह फिलिप्स ने पांच मैचों में एक शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 341 रन बनाए। उन्हें सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।

द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

फिलिप्स ने 341 रन बनाकर इस सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है। इससे पहले फिल सॉल्ट 331 रन के साथ शीर्ष पर थे। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ छह मैचों की सीरीज में 316 रन बनाए थे।

द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची इस प्रकार है:

  1. ग्लेन फिलिप्स – 341 रन, भारत के खिलाफ (2026)
  2. फिल सॉल्ट – 331 रन, वेस्टइंडीज के खिलाफ (2023)
  3. मोहम्मद रिजवान – 316 रन, इंग्लैंड के खिलाफ (2022)
  4. साहिल चौहान – 297 रन, साइप्रस के खिलाफ (2024)
  5. मार्क चैपमैन – 290 रन, पाकिस्तान के खिलाफ (2023)

एक कैलेंडर ईयर में भारत के खिलाफ भी बनाया रिकॉर्ड

ग्लेन फिलिप्स ने इस सीरीज के दौरान एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह एक कैलेंडर वर्ष में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। भारत के खिलाफ 2026 में उनके नाम कुल 522 रन दर्ज हो चुके हैं। इस मामले में उन्होंने भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा, जिन्होंने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 431 रन बनाए हैं। फिलिप्स का यह प्रदर्शन बताता है कि भारत के खिलाफ इस साल टी20 प्रारूप में उनका बल्ला लगातार रन उगलता रहा है।

न्यूजीलैंड ने आखिरी मैच जीता, भारत ने सीरीज पर किया कब्जा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 191 रन बनाए। ईशान किशन ने 61 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से एडम मिल्ने ने चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने टिम सीफर्ट के 93 और ग्लेन फिलिप्स के नाबाद 65 रनों की बदौलत 18 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। हालांकि, इस जीत के बावजूद न्यूजीलैंड सीरीज अपने नाम नहीं कर सका। भारत ने शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर पांच मैचों की सीरीज 3-2 से पहले ही अपने नाम कर ली थी।