साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टेस्ट में 176 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इस नतीजे ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंकतालिका का समीकरण बदल दिया है। न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि साउथ अफ्रीका दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर खिसक गया है। बांग्लादेश की हार का फायदा भारत को भी मिला है और टीम इंडिया चौथे स्थान पर आ गई है।

टॉप-4 में कौन सी टीम कहां?

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के बाद अंकतालिका में शीर्ष तीन टीमों की स्थिति बदल गई है। वहीं, बांग्लादेश को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा, जिससे भारत एक स्थान ऊपर आ गया।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका

  1. न्यूजीलैंड – 6 मैच, 4 जीत, 1 हार, 1 ड्रॉ, 52 अंक, 72.22% PCT
  2. साउथ अफ्रीका – 7 मैच, 5 जीत, 2 हार, 0 ड्रॉ, 60 अंक, 71.43% PCT
  3. ऑस्ट्रेलिया – 13 मैच, 9 जीत, 4 हार, 0 ड्रॉ, 108 अंक, 69.23% PCT
  4. भारत – 11 मैच, 5 जीत, 4 हार, 2 ड्रॉ, 68 अंक, 51.52% PCT
  5. बांग्लादेश – 7 मैच, 3 जीत, 3 हार, 1 ड्रॉ, 40 अंक, 47.62% PCT
  6. इंग्लैंड – 16 मैच, 7 जीत, 8 हार, 1 ड्रॉ, 74 अंक, 38.54% PCT
  7. श्रीलंका – 6 मैच, 1 जीत, 2 हार, 3 ड्रॉ, 24 अंक, 33.33% PCT
  8. वेस्टइंडीज – 13 मैच, 3 जीत, 8 हार, 2 ड्रॉ, 42 अंक, 26.92% PCT
  9. पाकिस्तान – 9 मैच, 2 जीत, 7 हार, 0 ड्रॉ, 5 अंक, 4.63% PCT

साउथ अफ्रीका ने सीरीज जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ा

केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 176 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ टेंबा बावुमा की टीम ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। साउथ अफ्रीका ने पहली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार दो टेस्ट जीते। इस नतीजे के बाद साउथ अफ्रीका का PCT बढ़कर 71.43 हो गया और टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, ऑस्ट्रेलिया का अंक प्रतिशत 75 से घटकर 69.23 रह गया और वह तीसरे नंबर पर खिसक गया। न्यूजीलैंड 72.22 PCT के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। 

भारत के लिए फाइनल की राह अब भी चुनौतीपूर्ण

भारतीय टीम के खाते में फिलहाल 68 अंक हैं और उसका PCT 51.52 है। टीम को WTC चक्र में अभी सात टेस्ट खेलने हैं। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर से बाहर दो मुकाबले और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट शामिल हैं। भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज काफी अहम होगी। यदि टीम इंडिया दोनों टेस्ट जीतती है, तो उसका PCT बढ़कर 58.97 हो सकता है। वहीं, दोनों मुकाबले गंवाने पर यह गिरकर 43.59 तक पहुंच जाएगा। इससे आगे की राह और मुश्किल हो जाएगी। 

सभी सात टेस्ट जीतने पर 70.37 तक पहुंचेगा भारत का PCT

फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को अपने बाकी मुकाबलों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। यदि टीम इंडिया बचे हुए सभी सात टेस्ट जीत लेती है, तो उसका PCT 70.37 तक पहुंच सकता है। छह जीत के साथ यह 64.81 प्रतिशत रहेगा। हालांकि, ऐसी स्थिति में फाइनल का टिकट दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा। अगर भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट हार जाता है और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचों मुकाबले जीतता है, तब भी उसका PCT केवल 59.26 तक पहुंचेगा। ऐसे में टीम को अन्य मुकाबलों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। 

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की भी नजर टॉप-2 पर

न्यूजीलैंड के सामने भारत और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो-दो टेस्ट खेलने के अलावा ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ भी मुकाबले हैं। सात जीत उसे फाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती हैं। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका को बांग्लादेश और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट खेलने हैं, जबकि श्रीलंका के दौरे पर दो मुकाबले होंगे। ऑस्ट्रेलिया के भी नौ टेस्ट बाकी हैं। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ चार घरेलू और भारत के खिलाफ पांच टेस्ट शामिल हैं। WTC के नियमों के मुताबिक, जीत पर 12 अंक, ड्रॉ पर चार और टाई होने पर छह अंक मिलते हैं। अंकतालिका में टीमों की स्थिति कुल अंकों के बजाय अंक प्रतिशत (PCT) के आधार पर तय होती है। इस चक्र में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली टीमें ही फाइनल में पहुंचेंगी।