Mukesh Sahani Statement On Gyanesh Kumar : बिहार की सियासत में फिर तीखे बयान का दौर शुरू गया है। सूबे में मंत्री रह चुके मुकेश सहनी ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विवादित बयान दिया है। आज दोपहर पत्रकारों से सहनी ने कहा कि उन्हें एक हत्या की माफी मिले तो वह ज्ञानेश को गोली मार देंगे। वैसे, उन्होंने यह भी कहा कि वे संविधान और कानून में विश्वास रखने वाले नागरिक हैं। यह उनका गुस्सा है। सहनी का यह बयान तब आया है, जब चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी बहस तेज है। विपक्ष चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगा रहा। कांग्रेस ने कल यानी 23 सितंबर को पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका था। अब मुकेश सहनी के ताजा बयान ने आग में घी डालने का काम किया है।
महुआ मोइत्रा ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दर्ज करवाई FIR
टीएमसी (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। महुआ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि ज्ञानेश कुमार एजेंट हैं। उन पर केस चलना चाहिए।
14 बार आपत्ति दर्ज कराने का दावा
मुकेश सहनी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए एक अंग्रेजी अखबार की ताजा रिपोर्ट का हवाला दिया। रिपोर्ट कहती है कि 2 चुनाव आयुक्तों ने 10 महीनों में 14 बार मतदाता सूची से जुड़े फैसलों और आदेशों पर औपचारिक आपत्ति दर्ज की है। अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक आपत्तियों में नए मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन, नाम हटाने-जोड़ने, फॉर्म-6 में बदलाव व मतदाता डेटाबेस के मैनेजमेंट से संबंधित मुद्दे थे।
PM पर भी साधा निशाना
मुकेश सहनी ने PM नरेंद्र मोदी पर भी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, पीएम और उनकी पार्टी (BJP) चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही। पूर्व मंत्री ने 2029 के आम चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, विपक्ष सत्ता में आता है तो मौजूदा व्यवस्था से जुड़े लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना का दावा कर दिया। सहनी ने कहा, 2029 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो सबसे पहले उन लोगों पर कार्रवाई होगी, जो संविधान से खिलवाड़ कर रहे हैं।