एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में रविवार (8 नवंबर) को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जा रहा है। ओमान के अल अमेरात स्थित अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ-1) में हो रहे इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमों के बीच इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में काफी उत्साह है। भारत ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत नेपाल के खिलाफ शानदार जीत के साथ की थी। भारतीय टीम ने नेपाल को 10 विकेट से हराया था। उस मैच में पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए थे। उनकी पारी में सात चौके और चार छक्के शामिल थे। अब पाकिस्तान के खिलाफ भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक के आंकड़े

अंडर-19 स्तर पर भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच अब तक 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 17 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को 12 मुकाबलों में सफलता मिली। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। इन आंकड़ों के आधार पर भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांच मुकाबलों में पाकिस्तान ने तीन, जबकि भारत ने दो मैचों में जीत दर्ज की है। फरवरी 2026 में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 58 रन से हराया था। इससे पहले दिसंबर 2025 में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से मात दी थी, जबकि इसी महीने खेले गए एक अन्य मुकाबले में भारत ने 90 रन से जीत हासिल की थी।

भारत और पाकिस्तान की प्लेइंग-11

भारत अंडर-19 (प्लेइंग XI): लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्या पटेल, मनल चौहान, मोहित उल्वा, यशवीर गौड़, वीके विनीत और यशवर्धन चौहान।

पाकिस्तान अंडर-19 (प्लेइंग XI): उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्यम, फरहान यूसुफ (कप्तान), निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह।

अंडर-19 एशिया कप में भारत का शेड्यूल

  • 6 नवंबर: नेपाल के खिलाफ मुकाबला – भारत 10 विकेट से जीता।
  • 8 नवंबर: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला – अल अमेरात।
  • 10 नवंबर: संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ मुकाबला – अल अमेरात।