इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2028 में होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले ही खिलाड़ियों की भारी-भरकम फीस को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ बड़े खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदा फ्रेंचाइजियों के सामने रिटेन होने के लिए 40 करोड़ रुपये तक की मांग रखी है। कम से कम दो खिलाड़ियों ने अपनी टीमों को इस बारे में बता दिया है कि इतनी रकम मिलने पर ही वे रिटेन होने पर विचार करेंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में ऐसे खिलाड़ियों की संख्या बढ़ सकती है। खासकर वे क्रिकेटर जो मानते हैं कि नीलामी में उतरने पर उन्हें इससे भी बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है। अभी तक इन खिलाड़ियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

एक खिलाड़ी ने रखी कप्तानी की शर्त

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कम से कम एक खिलाड़ी की 40 करोड़ रुपये की मांग कप्तानी की भूमिका से भी जुड़ी हुई है। यानी वह सिर्फ बड़ी रकम ही नहीं, बल्कि टीम की कमान भी चाहता है। फ्रेंचाइजियों के लिए ऐसी मांगों को पूरा करना आसान नहीं होगा। उन्हें बड़े खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखने के साथ-साथ बाकी खिलाड़ियों के लिए भी बजट का संतुलन बनाना पड़ेगा।

पंत और अय्यर को मिली थी 27 करोड़ तक की रकम

खिलाड़ियों की बढ़ती मांग के पीछे IPL 2025 मेगा ऑक्शन में मिली बड़ी बोलियों को भी वजह माना जा रहा है। उस नीलामी में ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं, श्रेयस अय्यर को पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। दोनों खिलाड़ी अपनी पुरानी फ्रेंचाइजियों के साथ रिटेन नहीं हुए थे और नीलामी में उतरे थे। उन्हें मिली रकम ने खिलाड़ियों के लिए नीलामी के बाजार में बड़ी कीमत हासिल करने की संभावनाएं बढ़ा दीं।

2028 में 150 करोड़ रुपये हो सकता है टीमों का पर्स

IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में हर फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों पर खर्च करने के लिए 120 करोड़ रुपये का पर्स था। 2027 सीजन के लिए यह राशि बढ़कर 130 करोड़ रुपये हो चुकी है। वहीं, 2028 के मेगा ऑक्शन में इसे करीब 150 करोड़ रुपये तक किए जाने का अनुमान जताया जा रहा है। BCCI ने अभी इस रकम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अगर टीम का पर्स 150 करोड़ रुपये होता है, तो एक खिलाड़ी को 40 करोड़ रुपये देने पर कुल बजट का 26 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा खर्च हो जाएगा। ऐसे में फ्रेंचाइजियों को बाकी खिलाड़ियों के चयन और टीम संयोजन पर काफी सोच-विचार करना पड़ेगा।

रिटेंशन नियमों पर भी रहेंगी नजरें

IPL 2028 मेगा ऑक्शन से पहले BCCI की रिटेंशन नीति भी अहम भूमिका निभाएगी। पिछले मेगा ऑक्शन में रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के लिए 18 करोड़, 14 करोड़ और 11 करोड़ रुपये के स्लैब तय किए गए थे। फ्रेंचाइजियां घोषित नियमों के तहत खिलाड़ियों को इससे अधिक रकम भी दे सकती थीं। अगले मेगा ऑक्शन के लिए रिटेंशन की संख्या, फीस और पर्स से कटौती के नियम अभी तय नहीं हुए हैं। ऐसे में खिलाड़ियों की 40 करोड़ रुपये की मांग पर फ्रेंचाइजियों का अंतिम फैसला BCCI के नियमों और उपलब्ध बजट पर निर्भर करेगा।