Jio IPO : देश का सबसे बड़ा आईपीओ आज निवेशकों के लिए खुल चुका है। बाजार में इसकी जबरदस्त चर्चा है। इस आईपीओ के जरिए 30213 करोड़ रुपए जुटाए जाने का अनुमान है। आप भी इसमें पैसे लगाने की सोच रहे तो यहां इस आईपीओ से जुड़ी हर काम की बात बेहद आसान भाषा में समझ लीजिए।
आईपीओ के जरूरी आंकड़े और तारीखें
प्राइस बैंड : इस आईपीओ का प्राइस बैंड 1065 रुपए से 1,119 रुपए है।
कुल शेयर : जियो कुल 27 करोड़ शेयरों का यह इश्यू लेकर आया है। अपर प्राइस बैंड यानी 1119 रुपए के भाव पर अधिकतम 30213 करोड़ रुपए जुटाए जाने की उम्मीद है।
खुले रहने की तारीख : खुदरा निवेशकों के लिए यह आईपीओ 23 अक्तूबर तक खुला रहेगा।
निवेश राशि : खुदरा निवेशकों को कम-से-कम एक लॉट के लिए आवेदन करना होगा। 1119 रुपए के भाव से 12 शेयरों के एक लॉट की कुल कीमत 13248 रुपए बनती है।
लिस्टिंग की तारीख : 28 अक्तूबर को शेयरों का आवंटन फाइनल होने के बाद इसे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट कर दिया जाएगा।
ग्रे-मार्केट प्रीमियम और संभावित मुनाफा
किसी भी आईपीओ की लिस्टिंग कैसी होगी, इसका अंदाजा उसके ग्रे-मार्केट प्रीमियम (GMP) से लगाया जाता है। समय के साथ जियो का जीएमपी लगातार मजबूत हो रहा है। आज सुबह 9.09 बजे तक जियो का जीएमपी बढ़कर 273 रुपए पर पहुंच गया। इसके ठीक 12 घंटे पहले यानी मंगलवार रात 9 बजे यह 259 रुपए था। बढ़ते जीएमपी को देखकर अनुमान लगाया जा रहा कि 28 अक्तूबर को शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग 1375 रुपए के आसपास हो सकती है। किसी निवेशक को जियो का एक लॉट भी अलॉट हो जाता है तो उसे 3000 रुपए का शानदार लिस्टिंग गेन मिल सकता है। (चूंकि एक लॉट में 12 शेयर हैं और प्रति शेयर 250 रुपए का प्रीमियम मिलने की उम्मीद है)। रिलायंस के पुराने शेयरधारकों के लिए यह मुनाफा और भी ज्यादा बढ़ सकता है, क्योंकि उन्हें यह आईपीओ 54 रुपए तक सस्ते भाव पर मिल रहा।
एंजेल निवेशकों ने जमकर दिखाया उत्साह
खुदरा निवेशकों के मैदान में उतरने से पहले एंजेल इन्वेस्टर्स ने इस आईपीओ पर दिल खोलकर पैसा लुटाया है। यही वजह है कि एंजेल इन्वेस्टर कोटे में इस आईपीओ को 30 गुना तक का बंपर सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इस कोटे के तहत 8109.84 करोड़ रुपए के शेयर रखे गए थे, लेकिन 2.5 लाख रुपए तक का तगड़ा सब्सक्रिप्शन हासिल हो गया। जियो के इन बड़े निवेशकों में ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट, टी रो प्राइस, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट, फ्रैंकलिन टेंपल्टन, इन्वेस्को और जैनस हेंडरसन जैसे दुनिया के दिग्गज नाम शामिल हैं।
क्या आपको जियो का आईपीओ खरीदना चाहिए?
कई जाने-माने ब्रोकरेज हाउस ने इस आईपीओ पर दांव लगाने की सलाह दी है। मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि शॉर्ट-टर्म लिस्टिंग गेन और लंबी अवधि के निवेश दोनों ही मामलों में जियो का आईपीओ खरीदने के लिए बेहतरीन विकल्प है। एमके ग्लोबल ने बाजार में दबदबा, अपनी शर्तों पर दाम तय करने की ताकत (प्राइसिंग पावर) और डिजिटल सेवाओं के लगातार विस्तार को देखते हुए इसे निवेश के लिए शानदार बताया है। कैनरा बैंक सिक्यॉरिटीज का कहना है कि लंबे समय के नजरिए से इस आईपीओ को सब्सक्राइब करना निवेशकों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। आनंद राठी ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भविष्य की बड़ी संभावनाओं और सही वैल्युएशन को आधार बनाते हुए निवेश का सुझाव दिया है। कांतिलाल छगनलाल सिक्यॉरिटीज और स्वास्तिक इन्वेस्टमार्ट जैसे संस्थानों की भी यही राय है कि जियो का आईपीओ निवेश के लिहाज से निश्चित तौर पर मजबूत दांव है।