Kamya Mishra Political Entry News : बिहार की सियासत में इन दिनों बड़ी चर्चा जोरों पर है। बिहार कैडर की चर्चित पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने हाल में जनता दल (यूनाइटेड) यानी JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनके पटना स्थित आवास पर मुलाकात की है। इस हाई प्रोफाइल मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या पूर्व लेडी सिंघम औपचारिक रूप से राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहीं? काम्या मिश्रा ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा कर लिखा कि उन्होंने संजय झा से भेंट कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में संजय झा के निरंतर प्रयास बेहद प्रेरणादायी रहे हैं। वर्तमान में काम्या मिश्रा अपने पिता का पारिवारिक बिजनेस संभाल रहीं, जिनके आयरन और स्टील का बड़ा कारोबार है।

कौन हैं काम्या मिश्रा और क्यों दिया था IPS पद से इस्तीफा?

मूल रूप से ओडिशा की काम्या मिश्रा 2019 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की बेहद प्रतिभाशाली अधिकारी रही हैं। उन्होंने 22 साल की कम उम्र में UPSC परीक्षा पास कर ली थी। उन्हें ऑल इंडिया 172वीं रैंक हासिल हुई थी। उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। मगर, पति से शादी बाद उनका ट्रांसफर बिहार कैडर में हो गया था। बिहार के दरभंगा में ग्रामीण एसपी के रूप में सेवाएं दे चुकीं काम्या ने 5 अगस्त 2024 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उस समय वह लंबी छुट्टियों पर चल रही थीं। पिछले साल उनका इस्तीफा आधिकारिक रूप से मंजूर कर लिया गया था। पुलिस सेवा छोड़ने की मुख्य वजह उन्होंने परिवार के आयरन और स्टील के कारोबार की जिम्मेदारी को संभालना बताया था। तेज-तर्रार और सख्त कार्यशैली के कारण उन्हें पुलिस विभाग में लेडी सिंघम नाम से जाना जाता था।

फिल्मी कहानी जैसी है IPS अवधेश और काम्या की लव स्टोरी

काम्या मिश्रा के पति अवधेश दीक्षित भी आईपीएस अधिकारी हैं। दोनों अधिकारियों ने मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में ट्रेनिंग ली थी। ट्रेनिंग के दौरान दोनों की प्रेम कहानी परवान चढ़ी। एक इंटरव्यू में इस प्रेम कहानी का खुलासा करते हुए अवधेश दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में बताया था कि पहली नजर में उनके दिल पर लाठीचार्ज हो गया था। अपने संकोची स्वभाव के चलते वे कभी अपने दिल की बात जुबान पर नहीं ला सके। तब काम्या मिश्रा ने आगे बढ़कर पहल की और मध्य प्रदेश के रतलाम में फील्ड विजिट के दौरान प्यार का इजहार किया। काम्या ने बताया था कि उस वक्त उनके पास अंगूठी नहीं थी, इसलिए उन्होंने घास से अंगूठी बनाई और अवधेश को पहनाते हुए उसे प्रॉमिस रिंग के रूप में दिया। यही घास की अंगूठी उनके रिश्ते की पहली और अनमोल निशानी बनी। इसके बाद 2020 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की और फिर बाद में उदयपुर में भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग की।

पति IPS अवधेश दीक्षित का शानदार कॅरियर

काम्या मिश्रा के पति अवधेश दीक्षित की पहली पोस्टिंग बिहार के बेगूसराय में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में हुई थी। उसके बाद उन्हें पटना के पालीगंज का एएसपी बनाया गया। मुजफ्फरपुर में एएसपी रहते हुए उन्होंने रेड लाइट एरिया के गरीब व जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए पुलिस पाठशाला जैसी पहल की शुरुआत की थी। वे गोपालगंज और लखीसराय में भी एसपी रह चुके हैं। वह अभी भोजपुर जिले की कमान संभाल रहे हैं।