बिहार के भोजपुर जिले में पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार सुबह आरा के सारंगपुर मोड़ के पास पुलिस और आरोपी शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य शूटर पवन यादव के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पवन यादव हत्या में शामिल तीन शूटरों में से एक है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के अनुसार, पूछताछ के दौरान पवन यादव ने हत्या में इस्तेमाल हथियार छिपाने की जगह बताई थी। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने उसे चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें पवन के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
हत्या के लिए दी गई थी सात लाख रुपये की सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि रामकुमार सिंह की हत्या के लिए करीब सात लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इसमें से दो लाख रुपये की पहली किस्त हथियार और पिस्टल खरीदने के लिए अग्रिम तौर पर दी गई थी। शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद बताई गई है।पुलिस के अनुसार, भोजपुर के सिंगही गांव में करीब 14 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप है। मामले में पुलिस साजिशकर्ताओं और शूटरों के बीच संपर्क तथा पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही है।
15 अक्टूबर को सुबह की सैर के दौरान हुई थी हत्या
पूर्व कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की 15 अक्टूबर 2026 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित कनकपुरी मोहल्ले में जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास हुई थी। जानकारी के मुताबिक, रामकुमार सिंह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल रामकुमार सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अब तक छह आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
इस हत्याकांड में पुलिस पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें कथित साजिशकर्ता चंदन सिंह, मनोज सिंह उर्फ लक्की, अभिषेक कुमार, टीपू कुमार और शूटर पिंटू सिंह शामिल हैं। पवन यादव की गिरफ्तारी और मुठभेड़ के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है। पुलिस अब फरार शूटरों और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।