उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया के पास दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही एक लग्जरी बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

3 यात्रियों की मौत; छह घायल

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली के आनंद विहार से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही एक निजी बस की ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियों के शीशे टूट गए। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें से अधिकतर लोग दिवाली और छठ पूजा मनाने अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।