मलाइका अरोड़ा एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में हुई मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में फिल्मी सितारों का जमावड़ा देखने को मिला। लेकिन इस दौरान जिसने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींचा, वो थीं मलाइका अरोड़ा। मलाइका इस पार्टी में अपने रूमर्ड बॉयफ्रेंड यानी हर्ष मेहता के साथ पहुंची थीं। खास बात ये रही कि उनके एक्स-बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर भी इसी सेलिब्रेशन का हिस्सा बने। एक ही पार्टी में मलाइका की जिंदगी से जुड़े 2 खास शख्स की मौजूदगी ने इस इवेंट को खास बना दिया। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर खूब बातें हो रही हैं।

रूमर्ड बॉयफ्रेंड संग नजर आईं मलाइका 

मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में मलाइका अरोड़ा अपने स्टाइलिश अंदाज में पहुंचीं। उन्होंने इस खास मौके पर पिंक और व्हाइट कलर की शिमरी ड्रेस पहनी थी। इसके साथ उन्होंने खूबसूरत जूलरी पहनी, जिसमें उनका डायमंड नेकलेस हाईलाइट रहा। मलाइका अरोड़ा ने पहले अकेले कैमरे के सामने पोज दिए और फिर अपने दोस्तों के साथ फोटोज क्लिक करवाईं। वहीं, पार्टी में एंट्री के दौरान मलाइका के रूमर्ड बॉयफ्रेंड हर्ष मेहता भी उनके साथ दिखाई दिए। हर्ष ने ट्रेडिशनल इंडियन सूट पहना हुआ था। उन्होंने पैपराजी के सामने ज्यादा रुकने की जगह सीधे अंदर जाना सही समझा। पार्टी खत्म होने के बाद दोनों को साथ में वहां से निकलते हुए भी देखा गया।

एक्स अर्जुन कपूर भी पार्टी में पहुंचे 

इस पार्टी में अर्जुन कपूर की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। मलाइका के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे अर्जुन भी मनीष मल्होत्रा के दिवाली सेलिब्रेशन में शामिल हुए। ऐसे में एक ही इवेंट में मलाइका के कथित नए पार्टनर और एक्स बॉयफ्रेंड का पहुंचना गॉसिप का कारण बन गया। हालांकि, अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि पार्टी में मलाइका और अर्जुन आमने-सामने आए या नहीं। 

हर्ष मेहता से जुड़ रहा मलाइका का नाम

मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर का रिश्ता लंबे समय तक बॉलीवुड के चर्चित रिश्तों में शामिल रहा। दोनों ने कई साल तक एक-दूसरे को डेट किया और पब्लिक इवेंट्स में भी अक्सर साथ नजर आते थे। बाद में दोनों के रास्ते अलग हो गए। अर्जुन से अलग होने के बाद मलाइका की पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। बीते कुछ समय से उनका नाम बिजनेसमैन हर्ष मेहता के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है। कभी दोस्तों के साथ डिनर करते हुए, तो कभी छुट्टियां मनाते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। मलाइका और हर्ष ने अपने रिश्ते को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।