Amitabh Bachchan Threat News : मुंबई में फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है। इसके बाद पूरी मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हाई अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इस ई-मेल में सिर्फ 'जलसा' ही नहीं, बल्कि मुंबई के कई बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), बॉम्बे हाईकोर्ट और वर्ली रेसकोर्स जैसी जगहें शामिल हैं। मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है।

23 अक्टूबर को भी आया था खौफनाक मेल

यह पहली बार नहीं है जब ऐसा धमकी भरा संदेश मिला है। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी एक इसी तरह का ई-मेल भेजा गया था। उस मेल में भी अमिताभ बच्चन के बंगले पर हमले की बात कही गई थी। उस वक्त आए ई-मेल में दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच कभी भी 'जलसा' पर बड़ा हमला हो सकता है। धमकी देने वाले ने इसे साल 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला करार दिया था। उस मैसेज में खालिस्तान के समर्थन में नारे भी लिखे गए थे।

'दिलजीत ने पैर छूकर गलती की'

23 अक्टूबर वाले ई-मेल में 1984 के सिख दंगों का हवाला देते हुए मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। ई-मेल में लिखा गया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छूकर बहुत बड़ी गलती की है, इसलिए उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा। धमकी में यह साफ तौर पर कहा गया था कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में एक आत्मघाती (सुसाइड) हमला कर दिलजीत दोसांझ की जान ली जाएगी।

बीएमसी मुख्यालय की तलाशी, डॉग और बम स्क्वॉड तैनात

धमकी भरा ई-मेल मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम फौरन BMC मुख्यालय पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने मुंबई की मेयर और डिप्टी मेयर के दफ्तरों समेत बीएमसी परिसर के अलग-अलग कमरों और चैंबर्स की बारीकी से जांच की। पूरी मुंबई में चौकसी बढ़ा दी गई है।

टाइगर श्रॉफ की कार पर भी हो चुकी है फायरिंग

मुंबई में फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पहले से बनी हैं। हाल में 18 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गई थीं। यह घटना उस वक्त हुई जब टाइगर जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने के बाद अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। हालिया हमले में टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित बच गए थे, लेकिन फायरिंग के दौरान उनके ड्राइवर और साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को गोलियां लगी थीं और वे घायल हो गए थे। पुलिस ने इस गोलीबारी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।