PM Modi And Amit Shah On Police Commemoration Day : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पुलिस स्मृति दिवस पर वीर पुलिस कर्मियों को याद किया। दोनों ने उनके अदम्य साहस को सलाम किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि पुलिस स्मृति दिवस हमारे उन वीर पुलिस कर्मियों के प्रति आभार जताने का दिन है, जो बेहद मुश्किल हालात में भी पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाते हैं। कानून-व्यवस्था संभालने से अपराधियों पर शिकंजा कसने, मुश्किल वक्त में लोगों की मदद करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस का योगदान अनमोल है। पीएम ने देश के लिए जान कुर्बान करने वाले सभी जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका साहस एवं सर्वोच्च बलिदान हमेशा देश की यादों में जिंदा रहेगा।

शाह ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

अमित शाह ने दिल्ली स्थित पुलिस स्मारक स्थल पर पहुंचकर देश के लिए शहीद हुए जवानों को नमन किया। उन्होंने कई अहम बातें कहीं और बाइक रैली को रवाना किया। नशीली दवाओं के खिलाफ लड़ाई थीम पर आधारित बाइक रैली में 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 90 राइडरों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPO) के जवान भी शामिल हुए हैं। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर 36852 पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई है। इसमें इस साल 154 नए वीर कर्मियों के नाम और जोड़े गए हैं।

नक्सलवाद और 3600 जवानों का बलिदान

शाह ने नक्सलवाद की समाप्ति का जिक्र करते हुए कहा कि कभी हमारा देश नक्सल हिंसा से बुरी तरह जूझ रहा था, जिससे आज हमें मुक्ति मिल चुकी है। इस हिंसा में 13 हजार से ज्यादा आम नागरिकों की जान गई थी। गृह मंत्री ने कहा कि देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने की मजबूत नींव हमारे 3600 वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान पर टिकी है। आज हमारा देश चुनावी हिंसा से भी पूरी तरह मुक्त हो चुका है।

पुलिस की नौकरी सबसे कठिन

शाह ने पुलिस बल की तारीफ करते हुए कहा कि देश में पुलिस सेवा सबसे कठिन नौकरियों में से एक है, जहां आम लोग होली, दिवाली, ईद और रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार परिवार के साथ मनाते हैं, वहीं पुलिसकर्मी सुरक्षा, ट्रैफिक और जनता की हिफाजत संभालते हैं। वे जीवन के सबसे बेहतर साल परिवार से अलग रहकर देश के नाम समर्पित कर देते हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों के धैर्य-समर्पण की सराहना की।

2029 तक ड्रग्स मुक्त देश का टारगेट

मंत्री ने देश के युवाओं और अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए एक बहुत बड़ा संकल्प लिया है। उन्होंने ऐलान किया कि 31 दिसंबर 2029 तक भारत को नशीली दवाओं (ड्रग्स) की समस्या से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा, जो कि सरकार का एक बेहद महत्वपूर्ण लक्ष्य है। उन्होंने चेताया कि ड्रग्स न सिर्फ हमारी आने वाली पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रहा है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था पर भी भारी बोझ डाल रहा है। इसके जरिए मिलने वाला पैसा राष्ट्रविरोधी ताकतों को मजबूत करने में इस्तेमाल होता है, इसलिए इसे जड़ से उखाड़ना बेहद जरूरी है।