रणबीर कपूर और यश की सबसे चर्चित फिल्म 'रामायण' को लेकर बॉलीवुड से लेकर सोशल मीडिया तक पर खूब चर्चा हो रही है। फिल्म देखने के बाद कई सेलेब्स इसकी तारीफ कर चुके हैं। अब इस लिस्ट में फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने रणबीर कपूर और यश की एक्टिंग की जमकर तारीफ की और फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा की मेहनत को भी सरहाया है। ये बात अलग है कि उनकी ये तारीफ सोशल मीडिया पर कुछ लोगों को रास नहीं आई। अपने रिव्यू में संदीप रेड्डी वांगा फिल्म की लीड एक्ट्रेस साई पल्लवी और निर्देशक नितेश तिवारी का जिक्र करना ही भूल गए। बस फिर क्या था लोगों को उन्हें बातें सुनानी शुरू कर दीं।
संदीप रेड्डी वांगा ने क्या लिखा?
'एनिमल' के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने 5 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म को लेकर अपना रिएक्शन दिया था। उन्होंने ऑडियंस से बड़े पर्दे पर राम और रावण की भव्यता देखने के लिए 'रामायण' का अनुभव लेने की अपील की। संदीप ने लिखा, 'क्या आप राम और रावण की भव्यता का अनुभव करना चाहते हैं? तो कृपया 'रामायण' जरूर देखें। रणबीर और यश, दोनों ने कमाल कर दिया है। उन्होंने अपनी मौजूदगी से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। मुझे ये बहुत पसंद आई। मैंने आज तक किसी ऐसे प्रोड्यूसर को नहीं देखा जो इतना समर्पित हो- नमित मल्होत्रा।'
साई पल्लवी का नहीं लिया नाम
संदीप रेड्डी वांगा की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके रिव्यू पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों का कहना था कि फिल्म में सिर्फ रणबीर और यश ही नहीं, बल्कि साई पल्लवी भी अहम भूमिका में हैं। ऐसे में तारीफ में एक्ट्रेस का नाम शामिल न करना कई लोगों को खटका। कुछ यूजर्स ने ये भी कहा कि फिल्म की सफलता में निर्देशक नितेश तिवारी की सोच और मेहनत का बड़ा योगदान है। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि एक फिल्ममेकर होने के नाते संदीप को निर्देशक के विजन और योगदान का भी जिक्र करना चाहिए था। वहीं, कुछ लोगों ने साई पल्लवी को नजरअंदाज किए जाने पर नाराजगी जताई।
कई सेलेब्स कर चुके फिल्म की तारीफ
संदीप रेड्डी वांगा से पहले निर्देशक एसएस राजामौली ने भी 'रामायण' की तारीफ की थी। उन्होंने फिल्म के बड़े पैमाने पर किए गए निर्माण और शानदार विजुअल्स की सराहना की। साथ ही रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की एक्टिंग को भी पसंद किया। फिलहाल संदीप रेड्डी वांगा की पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। जहां कुछ लोग उनके रिव्यू को फिल्म की तारीफ के तौर पर देख रहे हैं, वहीं दूसरे यूजर्स का मानना है कि किसी भी फिल्म की सफलता का श्रेय उसके सभी कलाकारों और पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम को मिलना चाहिए।