हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में रविवार सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते चार मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के दमकल केंद्रों से भी गाड़ियां बुलाई गईं।
दिल्ली सीमा के पास फैक्ट्री में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली सीमा के नजदीक स्थित प्लास्टिक का सामान बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब 5 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। फैक्ट्री में प्लास्टिक से घरेलू इस्तेमाल का सामान तैयार किया जाता है। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग की भयावहता को देखते हुए अन्य स्टेशनों से भी फायर टेंडर बुलाए। रिपोर्ट लिखे जाने तक 10 से 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई थीं।
प्लास्टिक के सामान के कारण तेजी से फैली आग
फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकलकर्मियों के मुताबिक, आग ने लगभग पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि करीब पांच घंटे बाद भी राहतकर्मी इमारत के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे थे। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही थीं। फिलहाल आग लगने के कारण और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन सामने नहीं आया है। घटना में किसी के हताहत होने की भी तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।