गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का बयान एक बार फिर सुर्खियों में है। सुनीता ने अब अकेलेपन को लेकर एक बयान दिया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। सुनीता को दिवाली पर किसी चीज की कमी खलती है और वो क्या है अब उन्होंने वो भी रिवील किया है। दरअसल, त्योहारों का असली मजा अपनों के साथ आता है, लेकिन जब परिवार साथ न हो तो त्योहारों की रौनक भी पहले जैसी नहीं रह जाती। ऐसा ही कुछ गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा को भी लगने लगा है। दिवाली से कुछ दिन पहले उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि अब उनके घर में फेस्टिवल्स के दौरान पहले जैसी चहल-पहल नहीं होती। जो घर पहले रिश्तेदारों और बच्चों से भरा रहता था अब वही घर सुनीता आहूजा को खाली महसूस होता है।
पहले दिवाली पर क्या होता था?
सुनीता आहूजा ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में दिवाली से जुड़ी अपनी यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि पहले त्योहारों के मौके पर घर में परिवार के सभी लोग इकट्ठा होते थे। उनकी सास, बच्चे और रिश्तेदार मिलकर दिवाली मनाते थे। घर में हंसी-मजाक और खुशियों का माहौल रहता था। हालांकि, अब हालात बदल चुके हैं। बच्चे बड़े हो गए हैं और अपनी-अपनी लाइफ में बिजी रहते हैं। वहीं, उनकी सास भी अब उनके साथ नहीं हैं। सुनीता के मुताबिक, इन बदलावों के कारण त्योहारों पर घर पहले जैसा भरा हुआ नहीं लगता।
अब कैसे मनाती हैं दिवाली?
सुनीता ने भावुक होते हुए बताया कि अब वो किसी से त्योहार पर घर रुकने की जिद नहीं करतीं। उनका मानना है कि बच्चों की भी अपनी जिंदगी और जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में उन्हें अपनी मर्जी से रहने देना चाहिए। उन्होंने बताया कि अब वो खुद ही घर में दीये जलाती हैं और अपने तरीके से फेस्टिवल एन्जॉय कर लेती हैं। उन्हें मिठाई खाना पसंद है, लेकिन डायबिटीज होने की वजह से उन्हें खानपान का ध्यान रखना पड़ता है। इसके बावजूद वो दिवाली की खुशियां मनाने में कोई कसर नहीं छोड़तीं।
पति को बताया कंजूस
इंटरव्यू में सुनीता आहूजा का मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने अपनी शादी के बाद पहली दिवाली का किस्सा सुनाया। सुनीता के मुताबिक, उस समय उनकी सास ने उन्हें खूबसूरत साड़ी और सोने का सेट तोहफे में सीए थे। गोविंदा ने भी उन्हें गिफ्ट दिया था। पुराने दिनों को याद करते हुए सुनीता ने मजाक में गोविंदा को थोड़ा कंजूस बता दिया। सुनीता ने कहा कि शादी को काफी समय हो गया है और अब गोविंदा पहले की तरह गिफ्ट नहीं देते। उन्होंने हंसते हुए ये भी कहा कि घर की लक्ष्मी को गिफ्ट देने से घर में खुशहाली आती है।