इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले पांच बार ट्रॉफी उठाने वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। टीम ने 18 साल से कोचिंग स्टाफ स्टाफ के साथ जुड़े स्टीफन फ्लेमिंग की जगह पूर्व भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने सोमवार शाम को जहीर की नियुक्ति का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। जहीर आईपीएल में पहली बार किसी टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हेमंग बदानी भी थे दावेदार
स्टीफन फ्लेमिंग के बाद चेन्नई की कमान सौंपने के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही थी। बताया जा रहा है पूर्व भारतीय बल्लेबाज हेमंग बदानी भी इस दौड़ में शामिल थे। लेकिन फ्रेंचाइजी ने जहीर खान को यह जिम्मेदारी देने का फैसला किया। पहले भी खबरें सामने आई थीं कि चेन्नई अपने कोचिंग सेटअप में भारतीय चेहरे को शामिल करने पर विचार कर रही है। अब जहीर की नियुक्ति ने फ्रेंचाइजी ने इस मामले में तस्वीर साफ कर दी है।
जहीर की नियुक्ति में धोनी की भूमिका
चेन्नई के प्रबंध निदेशक काशी विश्वनाथन ने बताया कि "जहीर खान को टीम का मुख्य कोच बनाने के फैसले में महेंद्र सिंह धोनी की राय भी ली गई थी। टीम मैनेजमेंट जहीर के लंबे क्रिकेट अनुभव और खेल की बारीक समझ को देखते हुए उनके नाम पर विचार कर रहा था।" रिपोर्ट्स की मानें तो जहीर को कोच बनाए जाने का सुझाव धोनी ने दिया था, और इस पर टीम प्रबंधन ने भी सहमति जताई थी।
18 साल बाद फ्लेमिंग ने दीं सेवाएं
स्टीफन फ्लेमिंग और चेन्नई सुपर किंग्स का साथ करीब 18 साल तक चला। 2008 में खिलाड़ी के तौर पर सीएसके से जुड़ने वाले फ्लेमिंग ने अगले ही साल टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल ली थी। उनके नेतृत्व में फ्रेंचाइजी ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि दो मौकों पर चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता। फ्लेमिंग के बाद चेन्नई ने जहीर खान को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। ज़हीर के सामने टीम को फिर से मजबूत करने और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। बात करें टीम के आईपीएल में प्रदर्शन की तो पिछले दो सीजन में चेन्नई का प्रदर्शन उम्मीद से बेहद खराब रहा। टीम दोनों सीजन अंक तालिका में सबसे नीचे रही।
पहली बार किसी टीम के मुख्य कोच बनेंगे जहीर
जहीर के पास क्रिकेट अनुभव की बात करें तो वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और उनके पास आईपीएल में कोचिंग और प्रबंधन भी कर चुके है। वह मुंबई इंडियंस में डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस और हेड ऑफ ग्लोबल डेवलपमेंट की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा, लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ बतौर मेंटर भी काम किया। सीएसके के हेड कोच के रूप में उनकी नई पारी खास होने वाली है। वह पहली बार किसी आईपीएल टीम की मुख्य कोच का पद संभालेंगे। भारत के लिए जहीर ने 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। 2011 वनडे विश्व कप में वह टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे।