दिलजीत दोसांझ का मुश्किल हालात में बेफिक्र अंदाज लोगों को बेहद पसंद आता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इंदौर में होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकियों ने सभी की चिंता बढ़ा दी है, लेकिन दिलजीत ने साफ कर दिया है कि वो अपना शो कैंसिल करने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने फैंस से प्रॉमिस किया है कि 15 नवंबर को वो इंदौर आएंगे और जमकर मस्ती भी करेंगे। दिलजीत दोसांझ अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के लिए देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म कर रहे हैं।
क्या है दिलजीत का रिएक्शन?
दिल्ली में शानदार शुरुआत के बाद अब उनका अगला कॉन्सर्ट इंदौर में है। हालांकि, इस बार उनका कॉन्सर्ट सुरक्षा को लेकर चर्चा में आ गया है। शो को लेकर चल रही तमाम खबरों के बीच दिलजीत ने सोशल मीडिया पर अपना मैसेज दिया है। उन्होंने कहा कि वो 15 नवंबर को इंदौर आएंगे और अपने फैंस से मुलाकात करेंगे। धमकी से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा कि खबरों में किसी संकट की बात सुनने को मिल रही है, लेकिन उन्हें पता है कि ऐसी परिस्थितियों से कैसे निपटना है। उनके इस जवाब ने फैंस के मन को राहत देने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी है।
इंदौर पहुंचकर पहले क्या करेंगे सिंगर?
दिलजीत ने इस दौरान इंदौर के मशहूर पोहे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचते ही सबसे पहले वो पोहा चखेंगे। उनकी इस बात ने माहौल को थोड़ा हल्का कर दिया। दरअसल, धमकियों के बीच जहां लोग कॉन्सर्ट को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दिलजीत अपने फैंस को भरोसा दिलाने में लगे हैं कि वो उनसे मिलने जरूर आएंगे। आपको बता दें, इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई, जब इंदौर के तीन प्राइवेट स्कूलों और मेयर के ऑफिस को धमकी भरे ईमेल आए। इनमें 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की चेतावनी दी गई थी।
मामले की चल रही जांच
इस दौरान स्कूल प्रबंधन को बच्चों को कॉन्सर्ट में न भेजने की नसीहत दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड ने स्कूलों की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में ईमेल फर्जी होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल क्राइम ब्रांच इन मेल के पीछे मौजूद लोगों का पता लगाने में जुटी है।