LIC New Cancer Cover Plan : जीवन बीमा के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी कंपनी एलआईसी (LIC) ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए नई और बेहद उपयोगी बीमा योजना लॉन्च की है। इस योजना का नाम एलआईसी न्यू कैंसर कवर प्लान (Plan 908) है। इसे खासकर कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी के इलाज के दौरान होने वाले भारी-भरकम आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए तैयार किया गया है। यह नई पॉलिसी 19 अक्टूबर से लोगों के लिए खरीद के वास्ते उपलब्ध करा दी गई है। इस पॉलिसी की सबसे बड़ी खूबी है कि इसमें मिलने वाली आर्थिक मदद अस्पताल के असली बिल या खर्च पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह सीधे तौर पर आपके द्वारा चुनी गई बीमा राशि (सम इंश्योर्ड) के आधार पर तय होती है। कैंसर के इलाज में लंबा समय लग जाता है और दवाइयों, मेडिकल जांच, अस्पताल के बिल और घर के रोजमर्रा के खर्चों का बोझ पूरे परिवार की कमर तोड़ सकता है। ऐसे वक्त में यह योजना परिवार को आर्थिक रूप से टूटने से बचाने में बहुत मददगार साबित होगी।

कैंसर की अवस्था के हिसाब से मिलते हैं अलग-अलग फायदे:

एलआईसी के इस नए कैंसर कवर प्लान में बीमारी के स्टेज (अवस्था) के अनुसार फायदों का बंटवारा किया गया है:-

शुरुआती स्टेज : किसी पॉलिसीधारक में कैंसर की शुरुआती अवस्था का पता चलता है तो उसे तयशुदा बीमा राशि का सीधा 25% हिस्सा भुगतान के रूप में मिलता है।

गंभीर स्टेज : बीमारी गंभीर अवस्था (एडवांस्ड स्टेज) में पहुंच जाती है तो पॉलिसीधारक को उसकी कुल लागू बीमा राशि का पूरा 100% यानी पूरे पैसे मिल जाते हैं। यह सभी लाभ पॉलिसी के नियमों और तय श्रेणियों के आधार पर ही दिए जाते हैं।

10 साल तक हर महीने मिलेगी फिक्स इनकम

इस योजना का सबसे खास आकर्षण इसकी मासिक आय का प्रावधान है। किसी दुर्भाग्यवश पॉलिसीधारक को गंभीर अवस्था का कैंसर डिटेक्ट होता है, तो उसे अगले 10 साल तक हर महीने बीमा राशि का 1% हिस्सा मिलता रहेगा। इस 10 साल की अवधि के दौरान पॉलिसीधारक की मृत्यु हो जाती है तो भी नियमों के तहत यह मासिक वित्तीय लाभ उनके नॉमिनी (नामांकित व्यक्ति) को मिलना जारी रहता है। पात्र कैंसर की पहचान होने पर आगे के प्रीमियम भरने से भी छूट मिल जाती है (प्रीमियम माफ हो जाता है), बशर्ते पॉलिसी के सभी नियमों का पालन किया गया हो।

कौन और कैसे खरीद सकता है यह प्लान?

इस पॉलिसी को खरीदने के लिए उम्र और बीमा राशि के कुछ खास नियम बनाए गए हैं:-

आयु सीमा : 18 वर्ष से 65 वर्ष तक की उम्र का कोई भी व्यक्ति यह पॉलिसी ले सकता है।

पॉलिसी अवधि : इसकी अवधि 10 से 15 साल के बीच चुनी जा सकती है।

न्यूनतम बीमा राशि (उम्र के हिसाब से):

18 से 34 वर्ष की आयु के लिए : न्यूनतम 35 लाख रुपए।

35 से 40 वर्ष की आयु के लिए : न्यूनतम 30 लाख रुपए।

41 से 50 वर्ष की आयु के लिए : न्यूनतम 20 लाख रुपए।

51 से 65 वर्ष की आयु के लिए : न्यूनतम 15 लाख रुपए।

अधिकतम बीमा राशि : इस योजना के तहत आप अधिकतम 50 लाख रुपए तक का कवर ले सकते हैं। ग्राहक चाहें तो अपनी जरूरत के हिसाब से बीमा राशि को एक जैसा रख सकते हैं या समय के साथ बढ़ाने का विकल्प भी चुन सकते हैं।

कहां से मिलेगी यह पॉलिसी?

आप इस शानदार बीमा योजना को घर बैठे एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन खरीद सकते हैं। आप ऑफलाइन तरीका चाहते हैं तो एलआईसी के अधिकृत एजेंटों, कॉर्पोरेट एजेंटों, ब्रोकर और बीमा विपणन कंपनियों के माध्यम से भी इसे आसानी से लिया जा सकता है।

जरूरी चेतावनी और नियम

यह बात हमेशा ध्यान रखनी चाहिए कि यह कोई सामान्य निवेश या बचत योजना (सेविंग्स प्लान) नहीं है। यह पूरी तरह से एक रिस्क कवर पॉलिसी है। यही वजह है कि पॉलिसी की समय-सीमा पूरी होने पर इसमें कोई भी मैच्योरिटी राशि (पैसा वापस) नहीं मिलती है और न ही इसमें कोई डेथ बेनिफिट (मृत्यु लाभ) शामिल है, इसलिए किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या गलतफहमी से बचने के लिए पॉलिसी खरीदने से पहले इसके सभी नियम, कैंसर की पात्र श्रेणियां, प्रीमियम और अन्य शर्तों से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों को ध्यान से जरूर पढ़ लें।