RBI ATM Rules : आप हर दिन या हफ्ते में कई बार एटीएम जाकर कैश निकालते या अपना बैलेंस चेक करते हैं तो यह खबर सीधे आपके बजट से जुड़ी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एटीएम और दुकानों पर रखी पॉइंट ऑफ सेल मशीनों (PoS) से नकदी निकालने के पुराने नियमों को एक साथ जोड़कर नया मास्टर प्लान तैयार किया है। 27 नवंबर को आए ये दिशा-निर्देश तुरंत लागू हो चुके हैं। राहत की बात है कि हर महीने मिलने वाली मुफ्त एटीएम लेन-देन की गिनती में कोई कटौती नहीं की गई है। वैसे, अब बैंकों के लिए यह जरूरी कर दिया गया है कि वे आपको साफ-साफ बताएं कि आपने कितनी मुफ्त लेनदेन पूरी कर ली हैं और लिमिट खत्म होने के बाद आपसे कितनी फीस ली जाएगी।

मुफ्त एटीएम ट्रांजैक्शन की सीमा कितनी है?

नए नियमों के मुताबिक बचत खाता रखने वाले लोगों को हर महीने एटीएम इस्तेमाल करने की तय मुफ्त सीमा पहले की तरह ही मिलती रहेगी। अपने ही बैंक के एटीएम से हर महीने 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन किए जा सकते हैं। मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के एटीएम से हर महीने 3 मुफ्त ट्रांजैक्शन करने की छूट है। नॉन-मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के एटीएम से हर महीने 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन किए जा सकते हैं। इन मुफ्त लेन-देन की गिनती में सिर्फ पैसे निकालना ही नहीं जोड़ा जाता है, बल्कि बैलेंस देखना जैसी नॉन-फाइनेंशियल सेवाएं भी इसमें शामिल होती हैं।

कोटा पूरा होने पर कितनी फीस देनी होगी?

आप एक महीने में तय मुफ्त लेन-देन की सीमा पार कर लेते हैं तो बैंक हर अतिरिक्त लेनदेन पर ज्यादा से ज्यादा 23 रुपये तक शुल्क वसूल सकते हैं। इस चार्ज के ऊपर लगने वाला टैक्स आपको अलग से देना होगा।

अब बिना बताए नहीं कटेगा एटीएम चार्ज

अक्सर लोगों को तब पता चलता है कि उनकी मुफ्त सीमा खत्म हो चुकी है, जब उनके खाते से पैसे कट जाते हैं। इस समस्या को रोकने के लिए RBI ने बैंकों को सख्त अलर्ट सिस्टम बनाने का निर्देश दिया है। अब बैंकों को ग्राहकों को यह जानकारी देनी होगी कि उन्होंने इस महीने कितनी मुफ्त ट्रांजैक्शन कर ली हैं। उनके खाते में कितनी मुफ्त ट्रांजैक्शन अभी बाकी हैं। अगली लेन-देन करने पर कितना चार्ज लग सकता है। इससे ग्राहकों को अचानक लगने वाले एटीएम चार्ज से राहत मिलेगी और लोग अपने लेन-देन का हिसाब आसानी से रख पाएंगे।

लेन-देन फेल होने पर क्या होगा?

RBI ने ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए साफ कर दिया है कि कुछ खास हालात में फेल एटीएम ट्रांजैक्शन को आपकी मुफ्त सीमा में नहीं गिना जाएगा और न कोई चार्ज कटेगा। ये हालात हैं-

  • एटीएम मशीन में तकनीकी खराबी आना।
  • नेटवर्क की दिक्कत होना।
  • एटीएम में कैश खत्म हो जाना।
  • गलत पिन या वैलिडेशन से जुड़ी परेशानी आना।

दुकानों की PoS मशीन से कैश निकालने के नए नियम

RBI ने दुकानों पर लगी PoS मशीनों से नकदी निकालने के नियम भी स्पष्ट कर दिए हैं। अब ग्राहक डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट और UPI के माध्यम से इन मशीनों से कैश निकाल सकेंगे।