Jeevan Pramaan On UMANG App : रिटायरमेंट बाद हर महीने मिलने वाली पेंशन करोड़ों बुजुर्गों की आजीविका का मुख्य आधार होती है। मगर, इस पेंशन को बिना रुकावट पाने के लिए हर साल बेहद जरूरी प्रक्रिया से गुजरना होता है। इसे जीवन प्रमाण-पत्र या लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना कहते हैं। सरकारी नियमों के मुताबिक हर पेंशनभोगी को हर साल यह साबित करना होता है कि वह जीवित है, ताकि पेंशन का भुगतान सही व्यक्ति तक पहुंचता रहे। इस साल इस काम को पूरा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय की गई है। अगर आप या आपके परिवार का कोई बुजुर्ग इस डेडलाइन से पहले यह सर्टिफिकेट जमा नहीं करता है तो पेंशन का भुगतान अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
अब लाइन लगाने की जरूरत नहीं
अच्छी बात है कि अब इसके लिए आपको बैंकों या पेंशन दफ्तरों लंबी लाइनों में लगने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। आप घर बैठे अपने स्मार्टफोन की मदद से बहुत आसानी से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। इसके लिए सरकार के उमंग (UMANG) ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
आखिर क्यों जरूरी है जीवन प्रमाणपत्र?
जीवन प्रमाण पत्र एक ऐसा आधिकारिक दस्तावेज है जो यह प्रमाणित करता है कि पेंशन प्राप्त करने वाला व्यक्ति जीवित है। पेंशन विभाग और बैंक इसी दस्तावेज के आधार पर यह सुनिश्चित करते हैं कि पेंशन की रकम सही और पात्र लाभार्थी के बैंक खाते में ही ट्रांसफर हो रही। तय समय सीमा यानी 30 नवंबर तक इसे रिन्यू या जमा न कराने पर पेंशन रुकने का खतरा बन जाता है, इसलिए समय रहते इस प्रक्रिया को पूरा करना समझदारी है।
उमंग ऐप के जरिए घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट ऐसे बनाएं:
पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए यूनिफाइड मोबाइल एप्लिकेशन फॉर न्यू-एज गवर्नेंस यानी उमंग ऐप पर डिजिटल जीवन प्रमाण की खास सुविधा मिलती है। नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो कर आप घर बैठे यह सर्टिफिकेट तैयार कर सकते हैं।
स्टेप 1 : ऐप डाउनलोड करें
सबसे पहले अपने एंड्रॉइड फोन में गूगल प्ले स्टोर या आईफोन में ऐप स्टोर ओपन करें। वहां से UMANG ऐप को डाउनलोड कर अपने फोन में इंस्टॉल कर लें।
स्टेप 2: मोबाइल नंबर से लॉगिन करें
ऐप इंस्टॉल होने के बाद इसे खोलें और अपने एक्टिव मोबाइल नंबर से रजिस्टर करें। आपका पहले से अकाउंट बना है तो लॉगिन कर लें। सुरक्षा के लिहाज से आपके नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसे दर्ज करके नंबर को वेरीफाई करना होगा।
स्टेप 3: लाइफ सर्टिफिकेट सर्विस सर्च करें
सफलतापूर्वक लॉगिन करने के बाद ऐप के होमपेज पर दिए गए सर्च बार में जाएं। वहां Jeevan Pramaan या Life Certificate टाइप कर सर्च करें। इसके बाद जीवन प्रमाण से जुड़ी सर्विस विकल्प को चुन लें।
स्टेप 4: पेंशन से जुड़ी जरूरी जानकारियां भरें
अब स्क्रीन पर फॉर्म खुलेगा, जिसमें आपको अपनी सही जानकारी दर्ज करनी होगी। इसमें आपका आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर नंबर, पेंशन देने वाली संस्था और बैंक का नाम जैसी डिटेल्स शामिल हैं। ध्यान रखें कि जानकारियां बिल्कुल सही भरी जाएं, ताकि वेरिफिकेशन में कोई रुकावट न आए।
स्टेप 5: पहचान का ऑनलाइन सत्यापन कराएं
डिटेल्स भरने के बाद आपकी पहचान को वेरिफाई किया जाएगा। इसके लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जा सकता है। चेहरे की पहचान के लिए ऐप को आपके स्मार्टफोन के कैमरे की परमिशन की जरूरत पड़ सकती है।
स्टेप 6: डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्राप्त करें
सत्यापन प्रक्रिया सफल होते आपका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट होकर सामने आएगा। आपको एक यूनिक प्रमाण आईडी मिलेगी। इसको संभालकर रख लें, क्योंकि इसकी मदद से आप भविष्य में अपने सर्टिफिकेट का स्टेटस आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।
क्या डिजिटल सर्टिफिकेट बनने के बाद बैंक जाने की जरूरत है?
बिल्कुल नहीं। आपने उमंग ऐप के जरिए अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सफलतापूर्वक बनवा लिया है तो आपको आमतौर पर इसकी हार्ड कॉपी प्रिंट कराकर बैंक या दफ्तर में फिजिकली जमा कराने की जरूरत नहीं होती है। यह डिजिटल दस्तावेज ऑटोमैटिक तरीके से आपकी संबंधित पेंशन वितरण एजेंसी तक पहुंच जाता है। वैसे, सर्टिफिकेट बन जाने के बाद ऐप या पोर्टल पर उसकी स्थिति की जांच जरूर कर लें, ताकि यह पुख्ता हो सके कि आपका प्रमाणपत्र सही जगह पहुंच चुका है।
30 नवंबर से पहले जरूर पूरा कर लें यह काम
बुजुर्गों की पेंशन बिना रुकावट आती रहे, इसके लिए 30 नवंबर से पहले लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य है। आपके घर में भी कोई पेंशनभोगी हैं तो उनके इस काम में मदद करें, ताकि उन्हें बैंक के चक्कर न काटने पड़ें। वे घर बैठे ही आसानी से अपनी इस जिम्मेदारी को पूरा कर सकें।