बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' रिलीज होने के बाद से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा थी। वहीं, अब फिल्म के मेकर्स ने फैंस को एक खास सरप्राइज दिया है। फिल्म का पोस्ट क्रेडिट सीन रिलीज कर दिया गया है, जिसमें सनी देओल की झलक देखने को मिल रही है। इसके साथ ही एक खास अंदाज में तैयार की गई हनुमान चालीसा भी लोगों का ध्यान खींच रही है।

दिलजीत दोसांझ समेत 5 सिंगर्स ने दी आवाज

'रामायण' के लिए तैयार की गई इस नई हनुमान चालीसा को 5 मशहूर गायकों ने अपनी आवाज से सजाया है। इस खास प्रस्तुति में दिलजीत दोसांझ, सुखविंदर सिंह, मोहित चौहान, शंकर महादेवन और कैलाश खेर शामिल हैं। इन सभी सिंगर्स की अलग-अलग आवाज का अंदाज इस भक्ति गीत को खास बनाता है। वहीं, इसके संगीत की जिम्मेदारी ए.आर. रहमान ने संभाली है। फिल्म रिलीज होने के बाद ए.आर. रहमान ने अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इस हनुमान चालीसा को जारी किया। करीब 1 मिनट 48 सेकंड के इस ट्रैक में पारंपरिक भक्ति रचना को एक नए म्यूजिकल अंदाज में पेश किया गया है।

पोस्ट क्रेडिट सीन में दिखे सनी देओल

फिल्म के पोस्ट क्रेडिट सीन की बात करें तो इसमें सनी देओल की झलक दिखाई गई है, जो फिल्म में भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। इस छोटी सी झलक ने दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। खास बात ये है कि हनुमान चालीसा और सनी देओल की मौजूदगी को एक साथ जोड़कर फिल्म के इस हिस्से को खास बनाया गया है।

गानों को लेकर पहले भी हुई थी चर्चा

'रामायण' रिलीज से पहले भी अपने म्यूजिक को लेकर सुर्खियों में रही थी। फिल्म के गाने 'मंगल-रंग' में सूफी संगीत के इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस हुई थी। इस दौरान ए.आर. रहमान को भी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। हालांकि, अब फिल्म रिलीज होने के बाद नई हनुमान चालीसा ने दर्शकों के बीच एक बार फिर इसके संगीत को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। 5 मशहूर सिंगर्स की आवाज और ए.आर. रहमान के संगीत ने फिल्म को और खास बना दिया है। वहीं, पोस्ट क्रेडिट सीन में सनी देओल की झलक ने फिल्म के अगले हिस्से को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।