तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और एक्टर विजय एक बार फिर तृषा कृष्णन के साथ नजर आए हैं। दोनों के साथ ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। विजय और तृषा गुरुवार, 5 नवंबर को चेन्नई में एक हाई-प्रोफाइल वेडिंग रिसेप्शन में शामिल हुए थे। ये प्रोग्राम राजनेता वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी की शादी का था। अब इस फंक्शन की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। चेन्नई के मशहूर द लीला पैलेस होटल में हुए इस रिसेप्शन में कई बड़ी राजनीतिक, कारोबारी और फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं। 

नवविवाहित जोड़े को दी बधाई

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विजय और तृषा एक साथ स्टेज की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने नवविवाहित जोड़े श्रेया और उज्ज्वल को फूलों का गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दीं और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस खास मौके पर विजय ब्राउन कलर के फॉर्मल सूट और सफेद शर्ट में नजर आए। वहीं, तृषा ने ब्लश पिंक साड़ी पहनकर अपनी खूबसूरती दिखाई। विजय की मां शोभा चंद्रशेखर भी उनके साथ फंक्शन में पहुंची थीं।

जगन मोहन रेड्डी और गौतम अडानी भी पहुंचे

इस शादी में सिर्फ फिल्मी सितारे ही नहीं, बल्कि पॉलिटिक्स और बिजनेस जगत की कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद थीं। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी अपनी पत्नी वाईएस भारती के साथ फंक्शन में शामिल हुए। विजय और जगन मोहन रेड्डी की मुलाकात भी हुई। दोनों ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। इसके अलावा गौतम अडानी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव भी अपनी पत्नी शैलिमा के साथ फंक्शन में पहुंचे। वाईएस जगन मोहन रेड्डी की मां वाईएस विजयम्मा भी इस पारिवारिक जश्न का हिस्सा बनीं।

विजय और तृषा की जोड़ी फिर चर्चा में

विजय और तृषा कृष्णन की साथ मौजूदगी कोई पहली बार चर्चा का विषय नहीं बनी है। दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है। 'घिल्ली', 'थिरुपाची', 'आथि', 'कुरुवी' और 'लियो' जैसी फिल्मों में दोनों साथ काम कर चुके हैं। फिल्म 'लियो' में लंबे समय बाद उनकी वापसी ने फैंस को काफी एक्साइटेड किया था। इससे पहले मार्च में भी दोनों चेन्नई में एक शादी के रिसेप्शन में साथ नजर आए थे। तृषा-विजय के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुई थीं। सितंबर में दोनों को ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में भी देखा गया था, जहां अजित कुमार रेसिंग इवेंट में हिस्सा ले रहे थे। हर बार की तरह इस बार भी दोनों का साथ दिखना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।