बॉलीवुड के पॉपुलर कपल ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन गुरुवार की रात इस कपल ने अपने अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया। मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में ये दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे पहुंचे। कैमरे के सामने भी दोनों के बीच खूबसूरत बॉन्डिंग देखने को मिली। अब इन दोनों की शानदार केमिस्ट्री को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा चल रही है।
हाथों में हाथ डाले पहुंचे ऐश्वर्या और अभिषेक
5 नवंबर को मुंबई में मनीष मल्होत्रा ने अपने घर पर शानदार दिवाली पार्टी रखी थी। इस जश्न में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा ऐश्वर्या और अभिषेक की एंट्री को लेकर रही। दोनों जब पार्टी में पहुंचे तो पैपराजी के सामने दोनों ने एक साथ पोज दिए। इस दौरान अभिषेक लगातार ऐश्वर्या का हाथ थामे नजर आए। कैमरे के सामने दोनों एक-दूसरे की आंखों में देखते और मुस्कुराते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, जब पैपराजी ने दोनों की अलग-अलग तस्वीरें लेने की कोशिश की तो कपल ने साथ में ही पोज देना पसंद किया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अभिषेक भी ऐश्वर्या को अपने करीब करते नजर आए। दोनों का ये अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
लाल साड़ी में ऐश्वर्या का दिखा रॉयल अंदाज
पार्टी के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन ने लाल रंग की खूबसूरत साड़ी पहनी, जिस पर सुनहरे रंग का बारीक बॉर्डर और शानदार कढ़ाई थी। उन्होंने अपने ट्रेडिशनल लुक को हैवी गोल्ड जूलरी, मैचिंग चूड़ियों और रेड लिपस्टिक के साथ पूरा किया। खुले बालों में एक्ट्रेस बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वहीं, अभिषेक बच्चन ब्लैक कलर के एथनिक आउटफिट में नजर आए। उन्होंने कढ़ाई वाली लंबी जैकेट के साथ मैचिंग ट्राउजर पहना था। उनका ये क्लासी लुक ऐश्वर्या की ट्रेडिशनल ड्रेस के साथ खूब जंच रहा था।
सोशल मीडिया पर छाई ऐश्वर्या-अभिषेक की जोड़ी
पार्टी से सामने आए ऐश्वर्या और अभिषेक के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फैंस दोनों को एक साथ देखकर काफी खुश हैं। कई यूजर्स ने उनकी पुरानी केमिस्ट्री की तारीफ की, तो कुछ ने लिखा कि दोनों की जोड़ी आज भी उतनी ही खूबसूरत लगती है। आपको बता दें, ऐश्वर्या और अभिषेक ने 20 अप्रैल 2007 को शादी की थी। दोनों की एक बेटी आराध्या बच्चन है। काफी समय से इनके बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। ऐसे में दिवाली पार्टी में दोनों का साथ नजर आना, उनके चाहने वालों के लिए किसी खास सरप्राइज से कम नहीं रहा।