Bengaluru Crime News : बेंगलुरु में दिलदहला देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। एक कैब ड्राइवर ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी और उसके परिवार के 6 सदस्यों समेत कुल 7 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है, जो राजाजीनगर इलाके में बशम सर्किल के पास रहता है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इंदुशेखर ने पूरी वारदात को खौफनाक और सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक इंदुशेखर की शादी 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर अनबन होती थी। विवाद में सुनीता के घर वाले लगातार हस्तक्षेप करते और अपनी बेटी का पक्ष लेते थे। इंदुशेखर को हमेशा लगता था कि उसके ससुराल वाले उसकी शादीशुदा जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल दे रहे। पत्नी को उसके खिलाफ भड़का रहे हैं। इसी खुन्नस और बढ़ते गुस्से में उसने अपनी पत्नी समेत पूरे ससुराल को ही हमेशा के लिए खत्म करने का खौफनाक प्लान तैयार कर लिया।

पूरे परिवार को किया खत्म

इंदुशेखर ने 2 दिनों के भीतर पूरे परिवार का खात्मा कर दिया। साजिश के तहत उसने सबसे पहले पत्नी सुनीता की हत्या की और उसके शव को कार में रख बेंगलुरु से 60 किलोमीटर दूर चिक्कबल्लापुर जिला स्थित नंदी हिल्स के पास ले जाकर फेंक दिया। इसके बाद उसने अपनी खौफनाक योजना के दूसरे चरण पर काम करना शुरू किया। उसने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को यह झांसा देकर घर पर पार्टी के लिए बुलाया कि सुनीता बाहर गई हुई है। जैसे ही दोनों घर पहुंचे, इंदुशेखर ने मौका पाकर दोनों की हत्या कर दी।

अलग-अलग जगहों पर फेंकी लाश

ससुराल वालों का अंत यहीं नहीं रुका। इसके बाद इंदुशेखर ने सास रूपावती और अपनी सरहज दिव्या और नलिनी को अलग-अलग बहानों और लालच देकर घर बुलाया और बेहद क्रूरता से उनकी जान ले ली। इस हैवानियत की हद तो तब पार हो गई, जब उसने शिव कुमार के 7 साल के बेटे पुनीत की भी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदातों में आरोपी ने अपने घर में रखे भारी-भरकम ग्राइंडिंग स्टोन (सिलबट्टे) का इस्तेमाल किया। उसने सबूत मिटाने की नीयत से घर के फर्श पर लगे खून के धब्बों को साफ किया और कत्ल में इस्तेमाल सिलबट्टे को भी केमिकल्स की मदद से दिया। उसने शवों को कार में लाद नंदी हिल्स के आसपास की अलग-अलग सुनसान जगहों पर फेंक दिया।

मिसिंग कंप्लेंट से हुआ खुलासा

इस खौफनाक सामूहिक हत्याकांड का खुलासा मिसिंग कंप्लेंट के जरिए हुआ। जब परिवार के कई सदस्य अचानक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए और उनसे संपर्क नहीं हो सका तो चिंतित रिश्तेदारों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की और कॉल डिटेल्स खंगाली तो सारे सबूत और शक की सुई इंदुशेखर की तरफ इशारा करने लगी।

कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने 7 लोगों की हत्या का सच उगल दिया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से 7 साल के मासूम पुनीत का शव बरामद कर लिया है। पुलिस की टीमें बाकी शवों की तलाश में नंदी हिल्स और आसपास के जंगलों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रहीं। आरोपी के घर से भी फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं।