केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान भी किया। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने 2027 के चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की स्थिति अंगद के पैर जैसी है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।

UCC लागू करने का किया वादा

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। UCC का उद्देश्य विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे व्यक्तिगत मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी प्रावधान लागू करना है। उत्तराखंड में पहले ही UCC लागू हो चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश में इसे लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है। शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। भाजपा पहले भी UCC को अपने प्रमुख एजेंडों में शामिल करती रही है।

अयोध्या गोलीकांड का जिक्र कर विपक्ष पर निशाना

अपने भाषण में अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं, जबकि भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया। शाह ने विपक्षी दलों से सवाल किया कि वे किस आधार पर उत्तर प्रदेश में फिर से सरकार बनाने की बात कर रहे हैं।

वोट चोरी के आरोपों पर संसद में बहस की चुनौती

अमित शाह ने चुनाव प्रक्रिया और वोट चोरी को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने की चुनौती दी। शाह ने कहा कि सरकार इस विषय पर विशेष सत्र बुलाकर बहस कराने के लिए तैयार है और विपक्ष के सवालों का जवाब दिया जाएगा।

योगी सरकार की तारीफ, कार्यकर्ताओं को चुनावी संदेश

गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की कानून-व्यवस्था और माफिया के खिलाफ कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास के लिए संसाधन उपलब्ध कराए और राज्य सरकार ने योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया है। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उनका संदेश साफ था कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी तैयारी करनी होगी।