रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है। फिल्म की भव्यता और एक्टर्स के लुक्स पहले से ही खबरों में हैं। अब अनुपम खेर ने भी इस फिल्म को लेकर अपना अनुभव शेयर किया है। फिल्म में जटायु को अपनी आवाज देने वाले अनुपम खेर ने इसकी तारीफ करते हुए कहा कि इसे देखकर उनका दिल खुशी और गर्व से भर गया है। फिल्म के लॉस एंजिल्स में हुए वर्ल्ड प्रीमियर के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने फिल्म को मिल रहे शुरुआती रिएक्शंस पर खुशी जाहिर की।
लॉस एंजिल्स प्रीमियर के बाद जताई खुशी
अनुपम खेर का कहना है कि 'रामायण' को इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने पेश होते देखना गर्व की बात है। उन्होंने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर के साथ पूरी टीम की मेहनत की सराहना की थी। अनुपम ने ये भी बताया कि फिल्म में जटायु के किरदार को उनकी आवाज मिली है और इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव है।
दर्शकों का उत्साह देख रह गए हैरान
अनुपम खेर ने हाल ही में स्वीडन के स्टॉकहोम में 'रामायण' की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी। अनुपम खेर के मुताबिक, इस स्क्रीनिंग में करीब 500 लोग मौजूद थे। फिल्म खत्म होने के बाद दर्शकों ने तालियां बजाकर अपनी खुशी जाहिर की और 'जय श्री राम' के नारे लगाए। विदेश में भारतीय महाकाव्य के प्रति लोगों का इतना उत्साह देखकर अनुपम खेर काफी भावुक हो गए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए बताया कि उनके लिए ये पल बेहद यादगार रहा। एक्टर ने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे भारतीय सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया। उन्होंने इसके शानदार विजुअल्स और बड़े स्तर पर की गई प्रस्तुति की भी सराहना की।
जटायु की आवाज बने हैं अनुपम खेर
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' में अनुपम खेर ने जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है। इतना ही नहीं, वो फिल्म की शुरुआती नैरेशन का हिस्सा भी हैं। इस प्रोजेक्ट से जुड़ने को अनुपम अपने लिए गर्व की बात मानते हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं।
5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' दो हिस्सों में तैयार की जा रही है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है। फिल्म की कहानी, कलाकारों की परफॉर्मेंस और शानदार विजुअल्स को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। अनुपम खेर के रिएक्शन ने भी फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।