अंडर-19 वनडे एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 209 रन का लक्ष्य रखा है। ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत ने शानदार शतक जड़ते हुए 107 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
शुरुआती झटकों से मुश्किल में फंसा भारत
भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 22 रन के स्कोर तक तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि वीके विनीत ने आठ और यशवर्धन चौहान ने एक रन बनाया। इसके बाद आर्यवीर सहवाग ने अर्जुन राजपूत के साथ पारी संभालने की कोशिश की। सहवाग 40 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद अन्वय द्रविड़ भी 10 रन ही बना सके।
अर्जुन राजपूत ने जड़ा शानदार शतक
लगातार विकेट गिरने के बावजूद अर्जुन राजपूत ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने अन्वय के साथ 44 रन जोड़े और फिर मनल चौहान के साथ 64 रन की अहम साझेदारी की। मनल 11 रन बनाकर रिजवानुल्लाह का शिकार बने। अर्जुन ने 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 85 गेंदों पर 11 चौके और पांच छक्के लगाकर 107 रन बनाने के बाद आउट हुए। उनके पवेलियन लौटने के समय भारत का स्कोर 170 रन था। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से अली रजा, निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। मोहम्मद सैयाम को एक सफलता मिली। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर भारतीय टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
दोनों टीमों ने जीत के साथ किया था आगाज
भारत और पाकिस्तान की टीमों ने इस मुकाबले से पहले टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की थी। भारतीय टीम ने शुक्रवार को नेपाल को 10 विकेट से हराया था। नेपाल की पूरी टीम 127 रन पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था। वहीं, पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में मेजबान यूएई को नौ विकेट से शिकस्त दी थी। यूएई के 225 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 37.3 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था। अब भारत की कोशिश पाकिस्तान के सामने 208 रन का बचाव करने और पिछले संस्करण की हार का बदला लेने की होगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक के आंकड़े
अंडर-19 स्तर पर भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच अब तक 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 17 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को 12 मुकाबलों में सफलता मिली। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। इन आंकड़ों के आधार पर भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांच मुकाबलों में पाकिस्तान ने तीन, जबकि भारत ने दो मैचों में जीत दर्ज की है। फरवरी 2026 में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 58 रन से हराया था। इससे पहले दिसंबर 2025 में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से मात दी थी, जबकि इसी महीने खेले गए एक अन्य मुकाबले में भारत ने 90 रन से जीत हासिल की थी।
भारत और पाकिस्तान की प्लेइंग-11
भारत अंडर-19 (प्लेइंग XI): लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्या पटेल, मनल चौहान, मोहित उल्वा, यशवीर गौड़, वीके विनीत और यशवर्धन चौहान।
पाकिस्तान अंडर-19 (प्लेइंग XI): उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्यम, फरहान यूसुफ (कप्तान), निकाब शफीक और रिजवानुल्लाह।