भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने अपना विजय अभियान जारी रखा है। भारतीय टीम ने शुक्रवार को मेजबान टीम जापान को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम अब स्वर्ण पदक जीतने से एक मुकाबला दूर है। भारत की ओर से लालरेमसियामी ने 5वें मिनट, इशिका चौधरी ने 30वें मिनट और नवनीत कौर ने 36वें मिनट में गोल किए। जापान की टीम सिर्फ एक गोल कर सकी, जो शिहो कोबायाकावा ने 46वें मिनट में किया। भारत का आखिरी मैच रविवार को सिंगापुर के खिलाफ होगा।

एशियाई गेम्स में अभी तक बेमिसाल है भारत

भारतीय टीम ने पूरे एशियाई गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने उज्बेकिस्तान पर 19-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद भारत ने इंडोनेशिया को 17-1 से मात दी। भारत का शानदार प्रदर्शन आगे भी जारी रहा और टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराया। जापान के खिलाफ भारतीय टीम ने लालरेमसियामी के फील्ड गोल की बदौलत पांचवें मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली थी। भारतीय टीम ने जापान को कभी भी खेल में वापसी करने का मौका नहीं दिया और पूरे मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी।

पेनल्टी कॉर्नर को लेकर लापरवाह भारत

भारत ने पेनल्टी कॉर्नर के मामले में लापरवाही दिखाई। भारत को मिले पांच पेनल्टी कॉर्नर में से टीम केवल एक का ही फायदा उठा सकी। भारत ने यह गोल रिबाउंड से किया।भारत ने पहले हाफ के आखिरी दो मिनट में तेजी से तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। इनमें से आखिरी पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर के शुरुआती शॉट को जापानी गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर इशिका ने गोल कर भारत की बढ़त को मजबूत कर दिया। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने अपना हमला जारी रखा और फिर तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में नवनीत के गोल से अपनी बढ़त को मजबूत कर दिया। नवनीत ने शानदार स्टिकवर्क का इस्तेमाल करते हुए गोल किया।जापानी टीम को भारतीय हाफ में प्रवेश करने में काफी संघर्ष करना पड़ा और वह भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में असफल रही। इसके बाद जापान के खिलाड़ियों ने पलटवार करने की कोशिश की। कोबायाकावा ने सर्कल के शीर्ष से शानदार शॉट लगाकर गोल किया, जिसे अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता रोकने में नाकाम रहीं। भारत ने 50वें मिनट में एक पेनल्टी गंवा दिया। जापान को भी मैच के अंतिम समय में एक पेनल्टी मिला था, लेकिन जापान उसका फायदा नहीं उठा सकी। इसके साथ ही भारत ने यह मुकाबला 3-1 से जीत लिया।